जान्हवी कपूर और राजकुमार राव की फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ बस कुछ ही दिनों में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म के कलाकार और निर्माता इसके प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने के बाद से प्रशंसक इसका बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं। ट्रेलर में जान्हवी कपूर और राजकुमार राव क्रिकेट खेलते दिख रहे हैं। अब ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ से जुड़ी दिलचस्प जानकारी सामने आई है। अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने खुलासा किया है कि फिल्म में उन्होंने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के स्कूप शॉट को आजमाया है।
सूर्यकुमार यादव ने दी शुभकामनाएं
19 मई को सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी साझा करते हुए ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ के लिए शुभकामनाएं दी हैं। फिल्म का ट्रेलर साझा करते हुए सूर्या ने लिखा, ‘बहुत अच्छा दिख रहा है, इसके लिए इंतजार नहीं कर सकता, पूरी यूनिट को शुभकामनाएं।’ स्टोरी साझा करते हुए उन्होंने निर्देशक शरन शर्मा, करण जौहर, जान्हवी कपूर और राजकुमार राव को टैग भी किया।