सलमान खान के रेप वाले बयान पर बॉलीवुड खामोश है। इक्का-दुक्का कलाकारों छोड़ दें तो किसी ने आगे बढ़कर न तो सलमान का हाथ थामा और न ही खुलकर निंदा ही की।
एक चैनल पर इंटरव्यू के दौरान इरफान से भी सलमान के बयान पर सवाल किया गया तो जवाब में इरफान ने कहा ''वह सलमान पर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करेंगे। लेकिन हकीकत यही है कि सबको अपनी दुकान चलानी है तो मुंह कौन खोले?''
उधर, सलमान के बयान पर देशभर में खूब हल्ला मचा है। हंगामा मचता देख सलमान के पिता सलीम खान को माफी मांगनी पड़ी, वहीं अपनी सफाई में खुद सलमान ने कहा कि वह अब ज्यादा नहीं बोलेंगे, क्योंकि वह जब मुंह खोलते हैं को कुछ न कुछ विवाद खड़ा हो जाता है।
क्या है मामला?
सलमान खान
- फोटो : getty
एक इंटरव्यू के दौरान सलमान से उनकी आने वाली फिल्म 'सुलतान' को लेकर सवाल किए जा रहे थे। और जब उनसे पूछा गया कि फिल्म के लिए कुश्ती सीखने में कितनी मेहनत लगी?
तो इसके जवाब सलमान विवादित बयान दे गए, सलमान ने कहा ''सीख तो गए लेकिन इसकी ट्रेनिंग बहुत कठिन है। आपके पास वैसा शरीर होना चाहिए। फुर्ती और पैरों में ताकत। जब तक आप उनकी (पहलवान) तरह ट्रेनिंग नहीं करेंगे, आप वैसे नहीं लगेंगे। मेरी और आमिर की जैसी ट्रेनिंग हुई है वह उन पहलवानों से ज्यादा ही हो गई।
वेट ट्रेनिंग, दांव-पेंच। सुबह-शाम ढाई-ढाई घंटे। मुझे मिट्टी पर भी कुश्ती सीखनी पड़ी और मैट पर भी। पंचिंग-किकिंग और मार्शल आर्ट्स भी सीखे। अगर आप इतनी ट्रेनिंग नहीं करेंगे तो फ्रॉड जैसे दिखेंगे। इसके बाद जो शूटिंग करते थे तब छह घंटे जो उठा-पटक होती थी, जो अविश्वसनीय है। फिल्म के लिए 120 किलो के आदमी को उठा कर मुझे दस बार पटकना पड़ता था। पांच अलग-अलग एंगिल से। जबकि कुश्ती मैच में यह एक-दो बार होता है।
छह घंटे तक यह चलता था और बेहद कठिन होता था। जब मैं रिंग से बाहर निकलता था तो सचमुच वह ऐसा होता था कि जैसे कोई रेप की शिकार महिला आ रही हो। ओह...मुझे नहीं लगता यह कहना चाहिए था! फिर मैं बाहर आता था, खाता था और वापस जाता था। यह मेरी जिंदगी की सबसे कठिन फिल्म थी।''
सलमान के इस बयान से बवाल मच गया। हिसार की एक दुष्कर्म पीड़ित युवती ने सलमान खान की टिप्पणी से आहत होकर 10 करोड़ की क्षतिपूर्ति अदा करने का नोटिस भेजा दिया।