विजय वर्मा और दीया मिर्जा की 'आईसी 814: कंधार हाईजैक' ने अपहरणकर्ताओं के 'हिंदू' कोड नामों को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है। यह सीरीज 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट 'आईसी 814' के अपहरण पर आधारित है, जिसमें शो में 'भोला' और 'शंकर' का इस्तेमाल किया गया है। कई उपयोगकर्ताओं ने दावा किया कि इसमें आतंकवादियों की वास्तविक पहचान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
पत्रकार पर भड़के अनुभव सिन्हा
हाल ही में, 'आईसी 814: द कंधार हाईजैक' के निर्माताओं ने निर्देशक अनुभव सिन्हा सहित कलाकारों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जब एक पत्रकार ने चल रहे विवाद के बारे में सवाल उठाए, तो अनुभव सिन्हा ने पहले तो जवाब देने से इनकार कर दिया। हालांकि, बाद में वे तीखी बहस में उलझ गए और गुस्से में जवाब दिया, "आपने सीरीज देखी है? सीरीज देखिए। बात आपसे नहीं कर सकता, आपने सीरीज नहीं देखी।"
सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लोगों ने अनुभव सिन्हा की जमकर क्लास लगानी शुरू कर दी। एक यूजर ने लिखा, 'पत्रकार का सवाल तो सही ही था।' दूसरे यूजर ने लिखा,' आपको जवाब देना चाहिए था अनुभव सिन्हा।' एक और यूजर ने लिखा, 'आप प्रेस कॉन्फ्रेंस में हैं तो जवाब देना जरूरी होता है।'
नेटफ्लिक्स इंडिया ने बयान जारी कर कही यह बात
मंगलवार को नेटफ्लिक्स ने एक बयान जारी कर कहा कि वे भारी विरोध के बीच हाईजैकर्स के असली नाम को डिस्क्लेमर में शामिल करेंगे। नेटफ्लिक्स की कंटेंट हेड मोनिका शेरगिल ने एक आधिकारिक बयान में उल्लेख किया, "1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट 814 के अपहरण से अपरिचित दर्शकों के लाभ के लिए हाईजैकर्स के असली और कोड नामों को शामिल करने के लिए शुरुआती डिस्क्लेमर को अपडेट किया गया है। सीरीज में कोड नाम वास्तविक घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए नामों को दर्शाते हैं। भारत में कहानी कहने की एक समृद्ध संस्कृति है और हम इन कहानियों और उनके प्रामाणिक प्रतिनिधित्व को दिखाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
इन कलाकारों से सजी है सीरीज
बता दें कि वेब सीरीज 'आईसी 814: द कंधार हाईजैक' में विजय वर्मा, नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, अरविंद स्वामी, दीया मिर्जा और पत्रलेखा सहित कई स्टार कलाकार शामिल हैं।