चीनी बॉक्स ऑफिस पर 'वुल्फ वॉरियर II' राज कर रही है। रिलीज होने के 4 सप्ताह बीतने के बावजूद 'वुल्फ वॉरियर II' तेजी से कमाई कर रही है और अब चीनी बॉक्स ऑफिस पर सबसे सफल चीनी फिल्म बन गई है। वो सिर्फ साल 2015 में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म 'स्टार वॉर्स-द फोर्स अवेकेन' से ही पीछे है। 'स्टार वॉर्स-द फोर्स अवेकेन' ने चीनी बॉक्स ऑफिस पर 936.7 मिलियन डॉलर(6,231.7 करोड़ रुपए) की कमाई की थी, तो 'वुल्फ वॉरियर II' अबतक 765.6 मिलियन डॉलर(5,094 करोड़ रुपए) की कमाई कर चुकी है।
'वुल्फ वॉरियर II' ने चीनी बॉक्स ऑफिस पर 'अवतार' फिल्म की कमाई 760.5 मिलियन डॉलर(5,060 करोड़ रुपए) की कमाई को रविवार को पीछे छोड़ा। 'वुल्फ वॉरियर II' ने कमाई के मामले में 'टाइटैनिक' जैसी ऑल टाइम हिट फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया।
इस फिल्म ने तोड़े दुनिया भर के रिकॉर्ड, 4 हफ्ते में कमाए 4926 करोड़
'वुल्फ वॉरियर II' के डायरेक्टर वु जिंग हैं, जो खुद लीड रोल में भी हैं। इस फिल्म में सेलिना जेड, फ्रैंक ग्रिल्लो, हैंस झैंग, वु गैंग जैसे सितारे हैं। 'वुल्फ वॉरियर II' पूरी तरह से चाइनीज एक्शन मूवी है, जिसमें वु जिंग एक चीनी सिपानी लेंग फेंग के किरदार में हैं। लेंग फेंग पूरी दुनिया में सीक्रेट मिशन पर जाता है। इसी बीच उसे किसी अफ्रीकी देश में भेजा जाता है, जहां तमाम स्थानीय विद्रोहियों के साथ हथियारों के तस्करों से उसका सामना होता है। चीन में ये फिल्म 28 जुलाई को एमएक्स4डी, 4डीएक्स, 3डी,2डी और आईमैक्स जैसे लगभग सभी पॉपुलर फॉर्मैट में रिलीज की गई है। हालांकि इसे चीनी डोमेस्टिक प्रोटेक्शन मंथ का भी फायदा मिला है और इस सप्ताह से 'वुल्फ वॉरियर II' को हांगकांग की एक्शन मूवी पैराडॉक्स से जोरदार टक्कर मिल रही है।
चीन में हॉलीवुड फिल्मों का बोलबाला रहता है। अब भारतीय फिल्में भी अच्छा कारोबार करने लगी है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए चीनी सरकार ने घरेलू फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए 'डोमेस्टिक प्रोटेक्शन मंथ' नाम का कानून ला चुकी है, जिसके तहत विशेष मौकों पर हॉलीवुड फिल्मों पर बैन रहता है। चीन में गर्मियों के समय 6 सप्ताह का डोमेस्टिक प्रोटेक्शन मंथ चल रहा है और इसी का फायदा उठाकर 'वुल्फ वॉरियर II' ने इतना बड़ा धमाका कर दिया है।
(ये आंकड़े सिर्फ चीनी बॉक्स ऑफिस के हैं। इनपुट 'चाइनीज फिल्म इनसाइडर' से लिए गए हैं।)