फिल्म 'द ग्रे मैन' की घोषणा के वक्त बताया गया कि इस फिल्म में रयान एक सज्जन पुरुष की भूमिका निभाएंगे जबकि क्रिस इवांस का किरदार सीआईए के एक पूर्व एजेंट का होगा। धनुष को देश में ज्यादातर तेलुगु फिल्मों में काम करने के लिए जाना जाता है हालांकि उन्होंने 'रांझणा' जैसी फिल्म में सोनम कपूर के साथ काम करके अपने आप को हिंदी फिल्मों में भी लोकप्रिय बना लिया। इसके बाद वह अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'शमिताभ' में भी नजर आए। आजकल वह आनंद एल राय के निर्देशन में बन रही फिल्म 'अतरंगी रे' की शूटिंग दिल्ली में कर रहे हैं।
धनुष तेलुगु फिल्मों से निकलकर हिंदी फिल्मों में तो मशहूर हुए ही, साथ ही उन्होंने वर्ष 2018 में आई एक फिल्म 'एक्स्ट्राऑर्डिनरी जर्नी ऑफ द फकीर' में काम करके अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी नाम कमाया। रुसो ब्रदर्स की फिल्म 'द ग्रे मैन' में काम करके धनुष के पास एक बड़ा मौका है कि वह अपनी पहचान वैश्विक स्तर पर और भी ज्यादा बढ़ा सकें। अच्छी बात यह है कि धनुष के साथ इस फिल्म में हॉलीवुड के ऑस्कर पुरस्कार विजेता अभिनेता रयान गोस्लिंग और क्रिस इवांस हैं।