मार्वेल सिने यूनिवर्स में इकलौते बच्चे पुराने सुपर हीरो थॉर की अगली फिल्म 'थॉर- लव एंड थंडर' इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है। इसका कारण है इस फिल्म के विलेन गौर द गॉड बूचर का किरदार निभाने वाले अभिनेता। मार्वेल स्टूडियोज ने अपनी इस बहुचर्चित फिल्म में खलनायक की भूमिका निभाने के लिए ऑस्कर पुरस्कार विजेता हॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक क्रिश्चियन बेल को चुना है। बीते शुक्रवार को स्टूडियो की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा भी की गई।
मार्वेल स्टूडियोज ने अपनी फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम' के पूरा होने के बाद बहुत से प्रोजेक्ट की घोषणा की जिसमें 'थॉर- लव एंड थंडर' सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला प्रोजेक्ट है। थॉर के प्रशंसक बहुत दिन से इंतजार कर रहे थे कि उन्हें अगली फिल्म कब और किस तरह की देखने को मिलेगी? इसका फैसला स्टूडियो ने कर दिया है। यह फिल्म 6 मई 2022 में रिलीज होनी है और इसमें 'थॉर' फिल्मों के पुराने किरदार थॉर, जेन फोस्टर, वेलकरी, आदि वापस लौटेंगे। फिल्मों में उनका किरदार क्रमशः क्रिस हेम्सवर्थ, नेटली पोर्टमैन और टैसा थॉम्सन निभाते हैं।