अमेरिकी रियलिटी टीवी स्टार किम कार्दशियन अक्सर किसी ना किसी विवाद के चलते चर्चा में छाई रहती हैं। हाल ही में किम के हिडन हिल्स स्थित आवास पर सात पूर्व स्टाफ सदस्यों ने उन पर भुगतान की देरी करने का मुकदमा दायर किया है। वहीं किम ने श्रम कानूनों के उल्लंघन से इनकार किया है। बता दें कि कर्मचारियों को उनके हिडल हिल्स आवास में बागवानी और रखरखाव के कार्य के लिए रखा गया था। स्टॉफ सदस्यों का आरोप है कि किम ने उनके भुगतान में देरी की और कर के लिए 10 प्रतिशत की रकम भी ली जिसे बाद में सरकार को भी नहीं दिया गया। ये मुकदमा लॉस एंजेलिस में दायर किया गया है।
बता दें कि एंड्रयू रेमिरेज, उनके भाई क्रिस्टोफर रेमिरेज, बेटे एंड्र्यू रेमिरेज जूनियर, साथ ही एरन केब्रिया, रेने एरनेस्टो फ्लोर्स, जैस्से फर्नानडिज और रॉबर्ट एरिजिया ने किम पर उनके वेतन रोकने और कर को सरकार को ना देने का आरोप लगाया है। आगे स्टॉफ के इन सदस्यों ने बताया कि किम ने उन्हें अधिक समय काम करने के पैसे भी नहीं दिए। खाने और अवकाश की भी अनुमति नहीं दी गई। एक 16 साल के कर्मचारी ने हफ्ते के 48 घंटे से भी ज्यादा का काम किया। वहीं जब इस बात पर एक कर्मचारी ने सवाल उठाए तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया। हालांकि बाकी कर्मचारियों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें भुगतान कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों की तरफ से इस मुद्दे का प्रतिनिधित्व कर रहे किम लीगल के फ्रैंक किम ने कहा कि, 'लॉस एंजेलिस में मजदूरी की चोरी और अन्य कार्यस्थल उल्लंघन एक बड़ी समस्या है। मेरी फर्म वर्तमान में इन प्रतिवादियों के साथ साथ दैनिक कर्मचारियों की ओर से अन्य शक्तिशाली परिवारों और व्यवसायों के खिलाफ अन्य संभावित उल्लंघनों की जांच कर रही है।
वहीं किम के एक प्रवक्ता का कहना है कि, 'इन कर्मचारियों को किम द्वारा किराए पर लिए गए तीसरे पक्ष के विक्रेता के माध्यम से नौकरी दी गई थी। उन्हें भुगतान किया गया था ताकी वो सेवाएं दे सकें। किम कार्दशियन विक्रेता और उनके कर्मचारियों के बीच किए गए समझौते के बीच नहीं हैं ऐसे में वो इस बात के लिए जिम्मेदार नहीं है कि विक्रेता अपने व्यवसाय का प्रबंधन कैसे करता है। साथ ही किम का इससे कोई मतलब नहीं है कि विक्रेता स्टॉफ से जो बात की गई थी वो उसे कैसे सुलझाता है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इन कर्मचारियों और उन्हें काम पर रखने वाले विक्रेता के बीच का मुद्दा जल्द ही सुलझ जाएगा'।