अमेरिका के महान हास्य अभिनेता एवं ऑस्कर पुरस्कार विजेता रॉबिन विलियम्स नॉर्थ कैलिफोर्निया के मरीन काउंटी में अपने घर में सोमवार को मृत पाए गए। माना जा रहा है कि अभिनेता ने आत्महत्या की है। वह 63 वर्ष के थे। उनकी मौत से पूरा हॉलीवुड सदमें में है।
विज्ञापन
काउंटी के शेरिफ कार्यालय के मुताबिक रॉबिन के घर से फोन आया था कि वह बेहोश हैं। कार्यालय सूत्रों के अनुसार संदेह है कि अभिनेता की मौत दम घुटने से हुई है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
जताया गया शोक
अमेरिका के महान हास्य अभिनेता एवं आस्कर पुरस्कार विजेता रॉबिन विलियम्स के निधन पर राष्ट्रपति बराक ओबामा समेत कई जानी मानी हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। ओबामा ने अपने शोक संदेश में राबिन को महान कलाकर बताते हुए कहा, ‘वह एक ऐसे अभिनेता थे, जिनमें दर्शकों के दिलों में गहरायी से समा जाने की गजब की क्षमता थी।
वह अपने अभिनय से जिस तरह लोगों को हंसा कर लोटपोट करते थे, उसी तरह लोगों को रूलाते भी थे। वह एक अजनबी के तरह आए और हमारे दिलों दिमाग पर छा गए। ओबामा परिवार रॉबिन परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना जाहिर करता है।’
कुछ यूं गुजरा कैरियर
रॉबिन की पत्नी सुसान ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘ सुबह जहां इस संसार ने एक प्यारा एवं खूबसूरत अभिनेता तथा सहृदय इंसान खो दिया वहीं मैंने अपना पति और सबसे अच्छा दोस्त खो दिया। मैं अपने पति की मौत से सदमे में हूं।’
वर्ष 1997 में अपनी फिल्म ‘गुड विल हंटिग’ के लिए एकेडमी अवार्ड जीतने वाले रॉबिन की अधिवक्ता एवं प्रचारक मारा बक्सबाउम ने कहा , ‘ अभिनेता रॉबिन पिछले कुछ समय से गहरे अवसाद में चल रहे थे। उन्हें गत माह मिनेसोटा स्वास्थ्य लाभ केंद्र में भर्ती कराया गया था।’
सूत्रों के मुताबिक रॉबिन ने 1970 के अंत में टेलीविजन सीरियल मार्क एंड मिंडी से गजब की अभिनय क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने एक कामयाब अभिनेता के साथ-साथ हास्य अभिनय के क्षेत्र में बुलंदियों को छुआ।
राबिन ने 2011 में तीसरी शादी की थी और उनके तीन बच्चे थे। रॉबिन को शराब पीने की लत थी। वर्ष 2009 में एक समाचार एजेंसी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ‘जब मैं अपने बच्चों को उनकी किसी बुरी आदत पर टोकता हूं तो वे मुझे मेरी पीने की आदत का जिक्र करके मुझे शर्मिंदा कर देते हैं।’
दुखी है हॉलीवुड भी
वर्ष 1991में ‘हूक’ फिल्म में रॉबिन विलियम्स के पीटर पैन किरदार को निर्देशित करने वाले स्टीवन स्पिलबर्ग ने अभिनेता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘रॉबिन हास्य की दुनिया के जगमगाते सितारे थे। हमारी हंसी और ठहाके उनके लिए जीवन स्पंदन था।’
हास्य अभिनेता स्टीव मार्टिन ने कह ‘बहुआयामी प्रतीभा के धनी रॉबिन के खोने के दर्द से दूसरा दर्द मेरे लिए और कोई नहीं हो सकता। वह महान अभिनेता एवं बेहद अच्छे इंसान थे।’
अभिनेता बेन स्टीलर ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘मैं जब 13 साल का था तब रॉबिन से मेरी मुलाकात हुई थी। तब से मैं उनका बड़ा फैन बन गया। वह अपने सभी चाहने वालों से दिल खोल कर प्यार से मिलते थे। उनकी नजर में सभी बराबर थे।’
लेकिन चौंकाती है आत्महत्या
हास्य कलाकार शेवी शेज ने कहा, ‘हम दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे। हम दोनों ही थोड़ा-बहुत अवसाद के शिकार थे। लेकिन मैं कभी भी यह नहीं सोच सकता था कि उनका अंत इस तरह होगा। यह विश्वास करना कठिन है कि वह हमारे साथ नहीं है। उनकी मौत के साथ जैसी हमारा वजूद भी खत्म हो गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करे।’
अभिनेता एन पैट्रिक हैरिस, जॉन ट्रैवोल्टा और अभिनेत्री सैली फिल्ड और एम ड्रिवर समेत हालीवुड की कई हस्तियों ने राबिन की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राबिन की मौत से आहत उनके चाहने वालों का शोक व्यक्त करने का सिलसिला जारी है।
श्रेष्ठ अभिनेता के एकेडमी अवार्ड के लिए तीन बार नामित। ‘गुड विल हंटिग’ में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए एकेडमी अवार्ड। ग्रेमी अवॉर्ड : पांच बार। एमी अवार्ड : दो बार एमी गोल्डेन ग्लोब : चार बार। स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड : दो बार