दुनियाभर में फैले कोरोना संक्रमण का असर हर जगह पर देखने को मिल रहा है। इसका असर मनोरंजन जगत पर भी काफी गहरा नजर आ रहा है। खबरें हैं कि 1929 से शुरू हुई ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी इस साल स्थगित की जा सकती है। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज फरवरी में होने वाले 93वें ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी को स्थगित करने पर विचार कर रही है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 'निश्चित तौर पर इस बारे में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। वर्तमान में 28 फरवरी 2021 को अवॉर्ड्स टेलीकास्ट होंगे। लेकिन संभव है कि उन्हें स्थगित कर दिया जाएगा।' एक अन्य सूत्र ने बताया कि 'नई तारीखों सहित विवरणों पर अभी पूरी तरह से चर्चा नहीं की गई है या औपचारिक रूप से प्रस्तावित नहीं किया गया है।'
पढ़ें: नवाजुद्दीन सिद्दीकी ही नहीं ये बॉलीवुड सेलेब्स भी ले चुके हैं तलाक, ऋतिक- सुजैन ने तो शादी के 14 बाद लिया तलाक
गौरतलब है कि जब COVID-19 की वजह से अप्रैल में ऑस्कर पात्रता के लिए नए अस्थायी नियम में बदलाव की घोषणा की गई थी। तब अकादमी के अध्यक्ष डेविड रुबिन ने बताया था कि, 'यह जल्द ही पता चल जाएगा कि 2021 का ऑस्कर टेलीकास्ट महामारी के मद्देनजर कैसे बदल सकता है।'
उन्होंने बताया था कि, 'यह जानना असंभव है कि परिदृश्य क्या होगा। हम जानते हैं कि हम ये अवॉर्ड सेरेमनी करना चाहते हैं, लेकिन हम यह नहीं जानते कि यह किस रूप में होगा।' बता दें कि कोरोना महामारी की वजह से फिल्में रिलीज नहीं हो पा रही हैं। इस वजह से ये फैसला लिए जाने की संभावना है। ऑस्कर के लिए एंट्रीज भेजने की प्रक्रिया हर साल मार्च-अप्रैल के बाद शुरू हो जाती है। और नवंबर- दिसंबर तक नॉमिनेशन को शॉर्ट लिस्ट किया जाता है। तो वहीं जूरी के सदस्य जनवरी में वोटिंग करते हैं।