अपनी पिछली कड़ी में स्टार वार्स जैसी फ्रेंचाइजी को बॉक्स ऑफिस पर जोर का झटका देने वाली जुमानजी सीरीज की अगली फिल्म जुमानजी द नेक्स्ट लेवल अगले हफ्ते भारत में रिलीज होने जा रही है। अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज हो रही इस फिल्म के दुनिया भर में रिकॉर्ड ओपनिंग लेने का अनुमान लगाया जा रहा है। रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 2 के साथ रिलीज हो रही जुमानजी द नेक्स्ट लेवल को लेकर बच्चों और किशोरों में अभी से काफी दिलचस्पी देखी जा रही है।
जुमानजी द नेक्स्ट लेवल में इस बार डैनी ग्लोवर, डैनी डि विटो और अक्वावफिना जैसे नए कलाकार भी कहानी में शामिल हो रहे हैं। फिल्म के हीरो ड्वेन जॉनसन की रेसलिंग रिंग की फैन फॉलोइंग शुरू से चीन और भारत में उनके पक्ष में काम करती रही है। डीसी कॉमिक्स की अगली फिल्म में सुपरशक्ति वाले किरदार में दिखने जा रहे जॉनसन की इस फिल्म की कहानी एक सीक्वेल के हिसाब से काफी रोचक बन पड़ी है।