द मैन हू सोल्ड हिज स्किन
- फोटो : अमर उजाला
मिस्र की राजधानी काहिरा से 445 किलोमीटर दूर रेड सी के किनारे बसे निजी शहर अल गूना में 22 सितंबर 2017 को पहला फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया गया था। फिल्मों की गुणवत्ता, मानवीय सरोकार, विचारों की आजादी और मार्केटिंग के कारण महज चार सालों में ही यह अरब दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल बन गया है। एक ईसाई उद्योगपति समीह साविरिस और उनके भाई नागूब साविरिस ने इस शहर को बसाया है। उनकी कंपनी ओरासकम इस फिल्म फेस्टिवल की प्रोड्यूसर है। मोहम्मद दियाब की फिल्म '678' में मुख्य भूमिका निभाने वाली मिस्र की मशहूर अभिनेत्री बुशरा रोजा की पहल पर साविरिस बंधुओं ने अल गूना फिल्म फेस्टिवल शुरू किया है।
द मैन हू सोल्ड हिज स्किन
- फोटो : अमर उजाला
चौथे अल गूना फिल्म फेस्टिवल में दुनियाभर की चुनी हुई 63 फिल्में दिखाई गईं और सिनेमा से जुड़े करीब सात सौ लोगों ने भागीदारी की। इटली, फ्रांस, स्विट्जरलैंड, दुबई और अमेरिका ने इस आयोजन में भारी मदद की है। जूरी के अध्यक्ष मशहूर ब्रिटिश फिल्मकार पीटर वेबर ने दिग्गज फ्रेंच अभिनेता गेरा डिपार्डिवू को करियर अचीवमेंट अवॉर्ड और मोरक्को मूल के युवा फ्रेंच अभिनेता सईद तगमावू को ओमर शरीफ अवॉर्ड प्रदान किया। दुनिया भर की सैकड़ों फिल्मों में कला निर्देशन देने वाले मिस्र के दिग्गज कलाकार ओनसी अबू सेफ और वरिष्ठ अभिनेता खालिद अल सावी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। लेबनान के मशहूर गायक रामी अयाश और उनकी मंडली ने अद्भुत संगीत पेश किया। ट्यूनिशिया की महिला फिल्मकार कौथर बेन हनिया की फिल्म 'द मैन हू सोल्ड हिज स्किन' के प्रर्दशन से चौथे अल गूना फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत हुई।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।