'डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस' इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक रही है। ये फिल्म 6 मई को विश्व स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, पिछले हफ्ते इस फिल्म को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई थी, जिससे फिल्म के निर्माता-निर्देशकों को बड़ा झटका लगा था। दरअसल, फिल्म के एलजीबीटीक्यू दृश्य पर सऊदी अरब में प्रतिबंध लगा दिया गया है। 'डॉक्टर स्ट्रेंज' के सीक्वल को कथित तौर पर 12 सेकंड के एक दृश्य के लिए प्रतिबंध का सामना करना पड़ रहा है, जहां एक समलैंगिक किरदार सबके सामने पेश किया जा रहा है।
फिल्म के मुख्य कलाकार, बेनेडिक्ट कंबरबैच ने हाल ही में इस प्रतिबंध पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, 'सच कहूं तो इसके बारे में भावुक न होना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन मुझे डर है कि यह एक अपेक्षित निराशा है। हमने देखा है कि इन दमनकारी शासनों में सहिष्णुता की कमी उन लोगों को बाहर करने वाली है, जिन्हें कि न सिर्फ इस समाज में शामिल किया जाना चाहिए, बल्कि वे जो भी हैं, उसका जश्न मनाना चाहिए। उन्हें समाज और संस्कृति का हिस्सा मानना चाहिए और अपने लैंगिक चुनावों के लिए उन्हें सजा नहीं दी जानी चाहिए।'
कंबरबैच ने फिल्म में शावेज के किरदार का बचाव करते हुए कहा कि यह "टोरेनिस्म" के लिए नहीं है और सेक्सुएलिटी उसके कैरेक्टर का केवल एक पहलू है। अभिनेता ने यह भी कहा कि हमें "समावेश और समानता" पर जोर देना जारी रखना चाहिए।
'डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स' में बेनेडिक्ट कंबरबैच सुपरहीरो के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो न केवल खुद को बल्कि और लोगों को भी बुराई से फिल्म में बचाता हुआ नजर आएगा। फिल्म में एलिजाबेथ ओल्सन भी वांडा मैक्सिमॉफ के रूप में हैं जो अपनी एमसीयू सीरीज 'वांडा विजन' के बाद इस फिल्म से वापसी कर रही हैं। फिल्म भारत में 6 मई को छह भाषाओं में रिलीज की जाएगी।