बॉलीवुड में फिल्मों का निर्माण बेहद महंगा होने की एक वजह सितारों की फीस है। बड़े सितारों की फीस कई बार फिल्म के कुल मेकिंग बजट से ज्यादा होती है। ऐसा ही चीन में भी होता था परंतु वहां की सरकार के नए नियम के मुताबिक यह संभव नहीं होगा। चीन ने अपने यहां के फिल्मी और टीवी सितारों तथा अन्य कलाकारों की फीस पर लगाम लगा दी है।
बीते बुधवार को वहां के सांस्कृतिक विभाग ने सितारों को मिलने वाली अनाप-शनाप फीस पर नियंत्रण का आदेश दिया और कहा कि भविष्य में किसी भी परफॉरमेंस करने वाले कलाकार को प्रोजेक्ट की कुल लागत का 40 फीसदी से अधिक नहीं मिलेगा। इसी तरह किसी भी सितारे की फीस फिल्म के बजट से 70 फीसदी से अधिक नहीं होगी।
चीन सरकार ने यह नियम वहां फिल्मों और टीवी समेत वेब सीरीज के कंटेंट पर भी लागू कर दिया है। साथ ही साफ कह दिया है कि निर्माताओं और कलाकारों के बीच एक ही अनुबंध बनेगा, जिसमें फीस तथा खर्च के तमाम आंकड़ें दर्ज होंगे। चीन सरकार ने कहा कि मनोरंजन उद्योग को समाज के लाभ के लिए होना चाहिए न कि इससे धन की पूजा का चलन बढ़ना और मूल्यों का पतन होना चाहिए।