हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता चैडविक बोसमैन इस दुनिया में नहीं रहे। बीती 30 अगस्त को कोलोन कैंसर की वजह से उनका निधन हो गया था। चैडविक बोसमैन की मौत के बाद अब उनकी पत्नी टेलर सिमोन लेडवर्ड ने संपत्ति को लेकर केस दर्ज करवाया है। उन्होंने यह केस इस वजह से दायर किया है क्योंकि दिवंगत अभिनेता की मृत्यु वसीयत लिखे बिना हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस संदर्भ में टेलर सिमोन लेडवर्ड ने गुरुवार को लॉस एंजेलिस की एक कोर्ट में कागजी कार्रवाई की।
टेलर सिमोन लेडवर्ड ने कोर्ट में केस दर्ज करते हुए अनुरोध किया है कि वह सीमित संपत्ति के साथ उन्हें दिवंगत अभिनेता की संपत्ति का प्रशासक बनाए। गौरतलब है कि चैडविक बोसमैन 938,500 डॉलर की संपत्ति के मालिक थे। टेलर सिमोन लेडवर्ड ने चैडविक बोसमैन की मौत से कुछ दिन पहले ही शादी की थी। इन दोनों ने पिछले साल अक्तूबर में सगाई की थी।
आपको बता दें कि मार्वेल स्टूडियो की सुपरहिट फिल्म ब्लैक पैंथर में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता चैडविक बोसमैन का 30 अगस्त को निधन हुआ था। वह लंबे समय से कोलोन कैंसर (आंत का कैंसर) से लड़ रहे थे। चैडविक बोसमैन के निधन की जानकारी उनके ही आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर उनकी एक तस्वीर और बयान जारी करके दी गई थी।
निधन के बाद चैडविक बोसमैन के ट्विटर अकाउंट का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इतना ही नहीं चैडविक बोसमैन के फैंस सहित हॉलीवुड और बॉलीवुड के कई सितारों ने उनके इस ट्वीट को लाइक किया और रीट्वीट करके उन्हें आखिरी श्रद्धांजलि भी दी थी। इसी वजह से उनका आखिरी ट्वीट सबसे ज्यादा लाइक किए जाने वाले ट्वीट में शामिल हो गया था।
इस बात की जानकारी खुद ट्विटर ने दी थी। ट्विटर ने अपने आधिकरिक अकाउंट पर चैडविक बोसमैन के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए बताया था उनका यह ट्वीट अब तक का सबसे ज्यादा लाइक पाने वाला ट्वीट बन गया है। ट्विटर ने लिखा, 'अभी तक का सबसे ज्यादा लाइक किया गया ट्वीट। एक राजा के लिए श्रद्धांजलि।'
पढ़ें: कार्डी बी ने गलती से टॉपलेस तस्वीर की इंस्टाग्राम पर साझा, बाद में दी सफाई