बचपन से रहा अभिनय का शौक
एम्बर लॉरा हर्ड का जन्म 22 अप्रैल 1986 को अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन शहर में हुआ था। उनके पिता डेविड क्लिंटन हर्ड एक ठेकेदार थे, जबकि मां पेट्रीसिया पेज हर्ड इंटरनेट रिसर्चर के तौर पर काम करती थीं। एम्बर की दो बहनें हैं। उनका बचपन टेक्सास के खुले-खुले माहौल में बीता। बचपन से ही वह स्वतंत्र विचारों वाली थीं। बहुत कम उम्र में ही अभिनय के प्रति उनका रुझान नजर आने लगा था। हालांकि, उनके परिवार का मनोरंजन जगत से कोई सीधा नाता नहीं था, लेकिन एम्बर की महत्वाकांक्षा ने उन्हें हॉलीवुड की राह दिखाई।
Kesari 2 Collection Day 4: सोमवार को 'केसरी चैप्टर 2' के कलेक्शन में आई गिरावट, जानें चौथे दिन की कमाई
अभिनय के लिए पहुंच गईं लॉस एंजिल्स
एम्बर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई ऑस्टिन में की, लेकिन 17 साल की उम्र में उन्होंने हाई स्कूल छोड़ दिया। अभिनय के सपने ने उन्हें लॉस एंजिल्स खींच लिया, स्कूल के दिनों में वह नाटकों में हिस्सा लेती थीं, जिसने उनके अभिनय के जुनून को और मजबूत किया। लॉस एंजिल्स पहुंचने के बाद उन्होंने छोटे-मोटे मॉडलिंग असाइनमेंट और विज्ञापनों से शुरुआत की। यह वह दौर था, जब एम्बर ने अपने सपनों को हकीकत में बदलने की ठान ली थी।
छोटी भूमिकाओं से की शुरुआत
एम्बर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2004 में स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'फ्राइडे नाइट लाइट्स' से की थी। इस फिल्म में उनकी छोटी सी भूमिका थी। इसके बाद उन्होंने 'नॉर्थ कंट्री' और 'अल्फा डॉग' जैसी फिल्मों में सहायक किरदार निभाए। उनको पहली मुख्य भूमिका 2006 की हॉरर फिल्म 'ऑल द बॉयज लव मैंडी लेन' में मिली। इस फिल्म में एम्बर के अभिनय ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खूब खींचा। इसके साथ ही वह टेलीविजन शो 'हिडन पाल्म्स' (2007) में भी नजर आईं, जिसने उन्हें युवा दर्शकों के बीच पहचान दिलाई।
इन फिल्मों से हासिल की लोकप्रियता
एम्बर को असली पहचान 2008 में मिली, जब वह 'पाइनएप्पल एक्सप्रेस' और 'नेवर बैक डाउन' जैसी फिल्मों में नजर आईं। लेकिन उनकी सबसे बड़ी सफलता 2018 की सुपरहीरो फिल्म 'एक्वामैन' रही, जिसमें उन्होंने मेरी, अटलांटिस की रानी का किरदार निभाया। इस फिल्म ने दुनियाभर में एम्बर को पहचान दिलाई। इसके अलावा 'जस्टिस लीग' (2017) और 'एक्वामैन एंड द लॉस्ट किंगडम' (2023) में भी उनकी भूमिका को सराहा गया। इन फिल्मों ने उन्हें हॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शुमार किया।
ऐसे हुई लव स्टोरी की शुरुआत
एम्बर हर्ड की लव स्टोरी उतनी ही चर्चित रही, जितना उनका करियर। उनकी जिंदगी में कई बार प्यार ने दस्तक दी, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां उनकी और अभिनेता जॉनी डेप की प्रेम कहानी ने बटोरीं। दोनों की मुलाकात फिल्म 'द रम डायरी' के सेट पर हुई थी। इस फिल्म में एम्बर ने जॉनी डेप के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के बाद एम्बर और जॉनी की नजदीकियां धीरे-धीरे प्यार में बदलीं।
जॉनी डेप से 2012 में की शादी
2012 में एम्बर और जॉनी डेप ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया और 2014 में दोनों ने सगाई कर ली। फरवरी 2015 में उन्होंने लॉस एंजिल्स में एक निजी समारोह में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। इस शादी ने हॉलीवुड में खूब सुर्खियां बटोरीं, क्योंकि जॉनी डेप उस समय हॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में से एक थे। दोनों की जोड़ी को फैंस ने खूब पसंद किया। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई रहती थीं, लेकिन यह खूबसूरत रिश्ता ज्यादा दिन तक नहीं टिका।
15 महीने में जुदा हो गईं राहें
शादी के सिर्फ 15 महीने बाद यानी मई 2016 में एम्बर ने जॉनी डेप से तलाक की अर्जी दायर की। उन्होंने जॉनी पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया, जिसने हॉलीवुड और मीडिया में तूफान ला दिया। एम्बर ने दावा किया कि जॉनी ने उनके साथ शारीरिक और मानसिक दुर्व्यवहार किया। इस मामले ने दोनों की निजी जिंदगी को दुनियाभर में चर्चा का विषय बना दिया। हालांकि, जॉनी ने इन आरोपों से इनकार किया और इसे उनकी छवि खराब करने की कोशिश करार दिया।
अलग होने के बाद चला मानहानि का मुकदमा
2017 में दोनों का तलाक फाइनल हुआ। दोनों की राहें जुदा होने के बाद एम्बर को 70 लाख डॉलर मिले। हालांकि, यह विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। साल 2018 में एम्बर ने एक लेख में घरेलू हिंसा के अपने अनुभव साझा किए। इस लेख के बाद जॉनी ने एम्बर पर मानहानि का दावा ठोक दिया। 2022 में जॉनी डेप और एम्बर हर्ड के बीच मानहानि का मुकदमा दुनियाभर में चर्चा का केंद्र बना। कोर्ट ने जॉनी के पक्ष में फैसला सुनाया और एम्बर को जॉनी को 10 मिलियन डॉलर का हर्जाना देना पड़ा। इस मुकदमे ने दोनों की जिंदगी को गहरे तौर पर प्रभावित किया।