हॉलीवुड अभिनेता ब्रैड पिट बाल उत्पीड़न में फंस गए हैं। उनके खिलाफ कथित बाल उत्पीड़न को लेकर जांच की जा रही है। पिट पर आरोप है कि उन्होंने अपने और हॉलीवुड अभिनेत्री एंजेलीना जोली के एक बच्चे का शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न किया। यह घटना पिट और जोली के निजी विमान की है।
इस बीच विमान में हॉलीवुड दंपति और उनके अन्य बच्चे भी मौजूद रहे। लॉस एंजिलिस पुलिस डिपार्टमेंट और लॉस एंजिलिस काउंटी डिपार्टमेंट ऑफ चिल्ड्रेन एंड फैमिली सर्विसेज मामले की जांच कर रहे हैं। पीपुल मैगजीन ने सूत्र के हवाले से बताया कि किसी गुमनाम शख्स ने इस घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद उनके खिलाफ जांच शुरू की गई है।
मालूम हो कि पिछले कुछ समय से जोली और पिट के बीच ठीक नहीं चल रहा है। इसके चलते जोली ने पिट से तलाक के लिए अदालत में अर्जी भी लगाई है।