मावरा ने किया पर्सनल कमेंट
हर्षवर्धन ने साफ किया कि अगर 'सनम तेरी कसम 2' में मावरा हुसैन होंगी तो वे फिल्म में काम नहीं करेंगे। वे अपने देश के खिलाफ टिप्पणियों को अनदेखा नहीं कर सकते। इसे मावरा हुसैन ने पीआर स्टंट बताया है। इसके बाद आज रविवार को हर्षवर्धन ने मावरा को जवाब देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट लिखा है। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री व्यक्तिगत तौर पर हमला करने की कोशिश कर रही हैं, जबकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
हर्षवर्धन बोले- 'इसे कॉमन सेंस कहते हैं'
हर्षवर्धन राणे ने लिखा है, 'यह व्यक्तिगत हमले की कोशिश की तरह लग रहा है। खुशकिस्मती से मेरे पास इस तरह की कोशिशों को नजरअंदाज करने की पर्याप्त सहनशीलता है, लेकिन मेरे देश की गरिमा पर किसी भी हमले के लिए मेरे पास जीरो टॉलरेंस है। एक भारतीय किसान अपनी फसल से खरपतवार को उखाड़ता है, इसे खरपतवार निकालना कहते हैं। किसान को इस काम के लिए पीआर टीम की जरूरत नहीं है, इसे कॉमन सेंस कहते हैं'।
बोले- 'मैंने कभी नाम नहीं लिया, कभी गरिमा पर हमला नहीं किया'
हर्षवर्धन ने आगे लिखा है, 'मैंने फिल्म के दूसरे पार्ट में काम नहीं करने की पेशकश की। मैं उन लोगों के साथ काम न करने का पूरा अधिकार रखता हूं, जो मेरे देश के एक्शन को 'कायरतापूर्ण' कहते हैं। इनकी बातों में इतनी नफरत, इतनी पर्सनल टिप्पणियां हैं। मैंने कभी उनका नाम नहीं लिया। एक महिला के रूप में उनकी गरिमा पर हमला नहीं किया। मैं उस स्टैंडर्ड को बनाए रखूंगा'।