फिल्म ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ से निर्देशन की दुनिया में अपना कदम रखने वाली निर्देशक शुचि तलाती अपनी पहली ही फिल्म से काफी सुर्खियों में आ गईं। शुचि की पहली ही फिल्म को काफी सराहा गया और कई अवॉर्ड समारोह में भी फिल्म का बोलबाला देखने को मिला। अब एक हालिया बातचीत में शुचि ने अपनी पहली फिल्म की यात्रा और फिल्म की प्रोड्यूसर ऋचा चड्ढा के समर्थन को लेकर बात की। फिल्म को ऋचा चड्ढा और अली फजल ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।
डेटिंग की तरह फिल्म निर्माण को देखती हैं शुचि
फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड की वाइस चेयरपर्सन सुचरिता त्यागी के साथ बातचीत में शुचि ने फिल्म ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ की यात्रा से लेकर एक महिला निर्देशक के सफर और उसके सामने आने वाली चुनौतियों जैसे कई मुद्दों पर बात की। फिल्म निर्माण की मनमौजी प्रकृति के बारे में बात करते हुए शुचि ने कहा, “मैंने फिल्म का का पहला ड्राफ्ट साल 2017 में लिखा था। कभी-कभी मैं फिल्मों को बनाने के बारे में उसी तरह से सोचती हूं, जिस तरह से लोग डेटिंग के बारे में सोचते हैं। जैसे कि जरूरी नहीं कि अगर किसी को उसका पहला प्यार किसी बार में मिला है, तो मुझे भी बार में ही मिले। हर फिल्म की अपनी अलग यात्रा होती है, उसको बनाने का अलग तरीका होता है। इसको लिखने में काफी लंबा वक्त भी लग सकता है और ये काफी जल्दी भी बन सकती है। आप नहीं जानते कि क्या होने वाला है, आप पहले से कुछ भी तय नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि ये भोलापन, ये सादगी पहली फिल्म बनाने वाले फिल्ममेकर्स के लिए जरूरी है।”
यह खबर भी पढ़ें: Mahira Khan: सेट पर शाहरुख के साथ दिखीं ‘रईस’ में नजर आईं अभिनेत्री माहिरा खान, एक्ट्रेस ने साझा की तस्वीर
ऋचा ने हमेशा मेरा साथ दिया
निर्देशक शुचि ने फिल्म को उसके मुद्दे पर बने रहने और उससे न भटकने में फिल्म की प्रोड्यूसर ऋचा चड्ढा की भूमिका को अहम बताते हुए कहा, “ऋचा ने फिल्म की रक्षा एक खूंखार शेरनी की तरह की। उन्होंने शुरू से फिल्म के नजरिए की रक्षा की, क्योंकि वो उसे समझती थीं। जब लोगों ने इसमें बदलाव करने के लिए दबाव डाला, तो उन्होंने इसके लिए लड़ाई की। उन्होंने कहा कि मैं इस प्रोफेशन में सालों से हूं, मैं जानती हूं कि शुचि को किस तरह के कलाकारों की जरूरत है और फिल्म को किस तरह के कलाकार चाहिए। शूटिंग से तीन महीने पहले एक निवेशक ने हाथ पीछे खीच लिए, तब उन्होंने कहा कि मैं अपना पैसा लगाऊंगी। जब लोगों ने इस पर सवाल उठाए, तब भी हम क्रिएटिव नजरिए से एक साथ थे। उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया। इस तरह का समर्थन एक निर्देशक के रूप में आपको आत्मविश्वास देता है।"