कपिल शर्मा और शहाना गोस्वामी की फिल्म 'ज्विगाटो' साल 2022 में रिलीज हुई थी। फिल्म को समीक्षकों से काफी सराहना भी मिली थी, लेकिन फिर भी अब तक यह आटीटी पर रिलीज नहीं हो सकी है। इस पर हाल में ही अभिनेत्री ने बात की है।
कपिल शर्मा मनोरंजन जगत में एक बड़ा नाम हैं। उन्होंने दशकों से लोगों का लगातार मनोरंजन किया है। इस दौरान वह टीवी के अलावा कुछ फिल्मों में भी नजर आए। हाल में ही वह नेटफ्लिक्स पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में नजर आए थे। उनकी आखिरी फिल्म 'ज्विगाटो' साल 2022 में रिलीज हुई थी। फिल्म को समीक्षकों से काफी तारीफ भी मिली थी। फूड डिलीवरी एजेंट के किरदार में कपिल जंचे भी थे। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज होने के 14 महीनों के बाद भी यह फिल्म किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
किसी भी ओटीटी पर नहीं आ सकी है ज्विगाटो
मौजूदा दौर में जहां फिल्म सिनेमाघरों में चल ही रही होती तब ही उसे ओटीटी पर रिलीज कर दिया जाता है। आजकल सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स नई फिल्मों के डिजिटल राइट्स के लिए रेस में लगे रहते हैं। वहां, करीब डेढ़ साल पहले रिलीज हुई फिल्म 'ज्विगाटो' के लिए किसी भी ओटीटी प्लैटफॉर्म ने रुचि नहीं दिखाई है। नंदिता दास द्वारा निर्देशित यह फिल्म अभी भी अपनी डिजिटल रिलीज का इंतजार कर रही है। फिल्म में बतौर मुख्य अभिनेत्री नजर आईं शहाना गोस्वामी ने अब इस पर बात की है।
अकेले मतदान करने पहुंचीं ऐश्वर्या, यूजर्स ने पूछा- 'अकेले आई हैं क्या?'
विज्ञापन
शहाना ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
इस पर बात करते हुए 'फिराक' अभिनेत्री शहाना ने कहा कि उन्हें इसका सही कारण पता नहीं है। हालांकि, उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा,'यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि ज्विगाटो अब तक किसी भी ओटीटी प्लैटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं हो सकी है। सच बताऊं तो मैं खुद भी निर्माताओं से इस बारे में पूछती रहती हूं, लेकिन उनके पास भी इसका कोई जवाब नहीं है'। अभिनेत्री ने कहा कि यह काफी दुखद है कि फिल्म की डिजिटल रिलीज को लेकर उनके पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने इसमें जोड़ते हुए कहा,'मुझे पता है कि इस फिल्म को लोगों से काफी प्यार मिलता, अगर उन्हें किसी तरह से इसे देखने का मौका मिलता'।