दो नवंबर को शाहरुख खान अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। जन्मदिन पर उन्हें सबसे पहले जिन लोगों ने बधाई दी उनमें मशहूर कोरियोग्राफर फराह खान का नाम शामिल हो गया है। फराह खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई देते हुए तस्वीरें शेयर की हैं और एक पोस्ट लिखी है।
शाहरुख के अलीबाग वाले घर में हुई पार्टी !
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बीती रात शाहरुख खान ने अपने जन्मदिन की पार्टी अलीबाग वाले घर पर की। यहीं से फराह खान ने शाहरुख के साथ तस्वीरें शेयर की हैं। खबरें हैं कि शाहरुख के जन्मदिन की पार्टी में फराह खान के अलावा करण जौहर, अनन्या पांडे और नव्या नवेली नंदा समेत कुछ और सेलेब्स शामिल हुए।
शाहरुख की पार्टी से सामने आई तस्वीरें
अलीबाग में हुई शाहरुख की इस प्राइवेट बर्थडे पार्टी से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। करण जौहर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वो रानी मुखर्जी के गाल चूमते नजर आ रहे हैं। इसी तस्वीर में अनन्या पांडे भी पीछे खड़ी नजर आ रही हैं। इसके अलावा फराह खान ने भी शाहरुख की मैनेजर पूजा ददलानी के साथ एक फोटो शेयर किया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि ये तस्वीर पार्टी की हैं।
फराह खान की पोस्ट में क्या है?
फराह खान ने शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई देते हुए जो तस्वीरें शेयर की हैं उसमें देखा जा सकता है कि वह अभिनेता के गाल को चूम रही हैं। एक दूसरी तस्वीर में फराह खान ने शाहरुख खान को गले लगाया है। तस्वीरें शेयर करते हुए फराह खान ने पोस्ट में लिखा है 'जन्मदिन की शुभकामनाएं किंग शाहरुख खान। आप अगले 100 वर्षों तक शासन करें।'