मुंबई का फाल्गुनी पाठक का नवरात्रि उत्सव टिकट की कीमतों की वजह से चर्चा में आ गया है। यहां खास वीआईपी पॉड की कीमत 2.04 लाख रुपये है। गायिका फाल्गुनी पाठक का नवरात्रि उत्सव 9 रातों के लिए तैयार है। यह उत्सव मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में 11 से 19 अक्तूबर तक होगा। 'वेस्ट एवेन्यू रियल्टी नवरात्रि उत्सव 2026' के नाम के इस उत्सव में टिकट की कीमतें 2000 रुपये से 2.04 लाख रुपये तक हैं।
कितनी है टिकट की कीमत?
उत्सव शुरू हो चुका है और आने वाले वीकेंड और आखिरी रातों के लिए कई टिकट कैटेगरी बिक चुकी हैं। जबकि प्रीमियम विकल्प अभी भी उपलब्ध हैं। टिकट लिस्टिंग के अनुसार, सबसे महंगी कैटेगरी 'एक्सक्लूसिव पॉड' है, जिसकी कीमत 2.04 लाख रुपये है। इस प्राइवेट वीआईपी स्पेस में 12 लोग तक आ सकते हैं। इसमें 10000 रुपये का खाने-पीने का वाउचर भी शामिल है, जो सिर्फ चुने हुए दिन ही मान्य होगा।
फाल्गुनी पाठक
- फोटो : इंस्टाग्राम @falgunipathak12
परिवार के लिए खास पैकेज
इस इवेंट में दोस्तों और परिवार के साथ आने वालों के लिए ग्रुप पैकेज भी हैं। पांच लोगों के ग्रुप टिकट की कीमत 13000 रुपये है। यानी प्रति व्यक्ति 2600 रुपये। वहीं, 10 लोगों के ग्रुप पैकेज की कीमत 25000 रुपये है, यानी प्रति व्यक्ति 2500 रुपये।
फाल्गुनी पाठक
- फोटो : इंस्टाग्राम @falgunipathak12
उत्सव में क्या है खास?
इस साल का गरबा उत्सव पूरी तरह से एयर-कंडीशंड जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर के अंदर आयोजित किया जा रहा है। इसमें कारपेट वाला डांस फ्लोर है।
क्या हैं सुविधाएं?
आयोजकों ने पेड पार्किंग, रोजाना महा आरती, लाइव परफॉर्मेंस, शानदार लाइटिंग और खाने-पीने की सुविधाओं पर भी जोर दिया है। 'गरबा क्वीन' के नाम से मशहूर फाल्गुनी पाठक दशकों से नवरात्रि के जश्न में सबसे बड़े आकर्षणों में से एक रही हैं।