पिछले कुछ दिनों में कई फिल्मों की रिलीज डेट में बदलाव हुआ है। मेगा बजट फिल्म 'पुष्पा 2' से लेकर इधर बॉलीवुड फिल्म 'औरों में कहां दम था' तक। अब इस लिस्ट में एक और फिल्म जुड़ गई है। दुलकर सलमान की फिल्म 'लकी भास्कर' की रिलीज डेट में बदलाव हुआ है। अब फिल्म देखने के लिए दर्शकों का इंतजार कुछ कम हो गया है। दुलकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी है।
कम हुआ दर्शकों का इंतजार
दुलकर सलमान की फिल्म की रिलीज डेट में हालांकि ज्यादा दिनों का फर्क नहीं आया है। दिलचस्प बात यह है कि दर्शकों का इंतजार बढ़ा नहीं है, बल्कि कुछ कम ही हुआ है। अब यह फिल्म गणेश चतुर्थी के अवसर पर 7 सितंबर को रिलीज होगी। पहले यह फिल्म 27 सितंबर को रिलीज होने जा रही थी। दुलकर सलमान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर लिखा है, 'इस विनायक चतुर्थी पर तैयार रहिए, 'लकी भास्कर' का लुत्फ उठाने के लिए'।
इन भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
दुलकर सलमान ने अप्रैल में इस फिल्म का टीजर जारी किया था। इस फिल्म में दुलकर के साथ मीनाक्षी चौधरी नजर आएंगी। फिल्म का म्यूजिक जीवी प्रकाश कुमार ने दिया है। फिल्म का निर्माण सितारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमा के नागा वामसी और साई सौजन्या द्वारा किया गया है। 'लकी भास्कर' का निर्देशन वेंकी एटलुरी कर रहे हैं। दुलकर की यह फिल्म तेलुगु, मलयालम, तमिल और हिंदी भाषाओं में रिलीज होगी।
'देवरा' से हो रहा था क्लैश
दुलकर सलमान की पिछली फिल्म 'किंग ऑफ कोठा' थी, जिसका बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल हुआ था। ऐसे में अपनी आगामी फिल्म के लिए वे फूंक-फूंककर कदम रख रहे हैं। दरअसल, पहले 'लकी भास्कर' 27 सितंबर को रिलीज होनी थी। इसी दिन अब जूनियर एनटीआर और कोराताला शिवा की फिल्म 'देवरा' आ रही है। 'देवरा' के साथ क्लैश न हो, इसलिए शायद दुलकर की फिल्म के निर्माताओं ने तारीख में बदलाव का फैसला लिया है।
Indian actors: फिल्मों में बावर्ची के किरदार में नजर आए ये सितारे, एक तो दो-दो बार निभा चुके हैं ये किरदार