सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं दिव्यांका
दिव्यांका सिरोही सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं। वह यहां अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़ी अपडेट साझा किया करती थीं। वह वीडियो और तस्वीरें शेयर करती थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे। ग्लैमर की दुनिया में उनका सफर टिक टॉक से शुरू हुआ था। उनके कई वीडियो ने उन्हें पहचान दिलाई थी।
आखिरी पोस्ट पर यूजर्स पूछ रहे सवाल
दिव्यांका ने लगभग एक महीने पहले 19 मार्च को एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें वह नीले और सफेद रंग की फूलों वाली ड्रेस पहने हुए, बी प्राक और अफसाना खान के गाने 'बरसाना मिला है' पर थिरकती हुई नजर आ रही हैं। इस पोस्ट पर कई यूजर्स कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने पूछा है कि 'इनको क्या हुआ है। लोग इन्हें श्रद्धांजलि क्यों दे रहे हैं।' एक दूसरे यूजर ने लिखा है 'हार्ट अटैक हुआ था इनको।' एक यूजर ने लिखा है 'आज ये हमारे बीच नहीं रहीं।'
एक और यूजर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
सोशल मीडिया ने बनाया स्टार
एक इंटरव्यू में अपने शुरुआती दिनों के बारे में बात करते हुए दिव्यांका ने कहा था, 'दिवाली के आस-पास मैंने पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने 'मेरी मम्मी नू पसंद नी तू' पर एक नीले रंग का सूट पहनकर टिक टॉक पर एक वीडियो बनाया था, जो मेरे एक्सप्रेशन्स की वजह से वायरल हो गया। उस वीडियो को करीब 20 मिलियन व्यूज मिले। उसके बाद, टिक टॉक पर मेरे फॉलोअर्स की संख्या 5 मिलियन हो गई।'
दिव्यांका सिरोही कौन थीं?
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली दिव्यांका, फिलहाल गाजियाबाद में अपने माता-पिता और दादी के साथ रह रही थीं। उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से बीसीए की पढ़ाई की थी। इसके बाद सिक्किम से एमबीए किया था। दिव्यांका ने क्षेत्रीय मनोरंजन जगत में अपनी एक खास पहचान बनाई थी। उन्होंने गायक मासूम शर्मा के साथ कई गानों में काम किया।