बॉलीवुड फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' अभी भी कानूनी दांव-पेंच में फंसी है। केंद्र की तरफ से इस फिल्म को रिलीज करने की इजाजत दी गई है। हालांकि दिल्ली हाई कोर्ट में इस फैसले के खिलाफ याचिकाएं दाखिल की गई हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा है कि इन याचिकाओं पर 30 जुलाई को सुनवाई होगी।
दिल्ली हाई कोर्ट को सूचित किया गया कि सीबीएफसी ने अभी तक फिल्म 'उदयपुर फाइल्स- कन्हैया लाल टेलर मर्डर' को पुनः प्रमाणित नहीं किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले को दिल्ली हाई कोर्ट भेजा था
इससे पहले केंद्र ने फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' को 6 कट लगाने के सुझाव के बाद रिलीज करने की मंजूरी दी थी। केंद्र के इस फैसले को जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अरशद मदनी और कई दूसरे लोगों ने चुनौती दी थी। इसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी थी। यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट को निर्देश दिया था कि वह 28 जुलाई को फिल्म को रिलीज करने की केंद्र की मंजूरी को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करे। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा था कि उसने फिल्म की रिलीज पर कोई रोक नहीं लगाई है।
‘उदयपुर फाइल्स: कन्हैया लाल टेलर मर्डर’
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
फिल्म की रिलीज डेट का एलान
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद फिल्म के निर्देशक भरत श्रीनेत ने शुक्रवार को इसकी रिलीज की नई तारीख का एलान किया। उन्होंने कहा कि फिल्म 8 अगस्त, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले यह फिल्म 11 जुलाई को रिलीज होने वाली थी। निर्देशक ने पहले एक मीडिया चैनल को बताया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने फिल्म में 150 कट लगाए हैं।
यह खबर भी पढ़ें: RD Burman: आरडी बर्मन के घर को बचाने के लिए आगे आए फैंस, 7,000 से ज्यादा लोगों ने अधिकारियों से की यह गुजारिश
मर्डर पर आधारित है फिल्म
फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' साल 2022 में हुए कन्हैया लाल के मर्डर केस पर आधारित है। कन्हैया लाल की जून 2022 में राजस्थान के शहर उदयपुर में उनकी सिलाई की दुकान पर हत्या कर दी गई। इल्जाम था कि कन्हैया लाल ने भाजपा नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।