जेलर 2 का बॉक्स ऑफिस
रजनीकांत अभिनीत फिल्म 15 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रविवार को इसने 11.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया था। मगर, कल सोमवार को कमाई में अच्छी-खासी गिरावट आई है। कल 19वें दिन इसका कलेक्शन 3.40 करोड़ रुपये रहा। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 459.71 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 812 करोड़ रुपये हो चुका है।
उड़ता तीर की कमाई में गिरावट
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अभिनीत यह फिल्म 16 अक्तूबर को रिलीज हुई थी। इसकी शुरुआत धीमी हुई थी। मगर, इस स्पाई कॉमेडी फिल्म ने धीरे-धीरे बढ़त दर्ज की। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन औसत ही है। वीकएंड पर इसकी कमाई में उछाल आया था। रविवार को फिल्म का कलेक्शन 4.35 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कल सोमवार को 11वें दिन कमाई 1.35 करोड़ रुपये हुई। इस फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 43.47 करोड़ रुपये हो गया है।
'प्रहार' और 'नई नवेली' का खेल खत्म
यामी गौतम की फिल्म 'नई नवेली' की हालत खस्ता है। वहीं, राजकुमार राव की 'प्रहार' का हाल भी अच्छा नहीं है। दोनों फिल्में अब टिकट खिड़की से विदा लेने की कगार पर हैं। रविवार को 40 लाख रुपये कमाने के बाद कल सोमवार को 18वें दिन 'नई नवेली' ने सिर्फ 14 लाख रुपये कमाए। वहीं, 'प्रहार' ने कल सोमवार को 18वें दिन 19 लाख कमाए। 'प्रहार' का टोटल नेट कलेक्शन 23.44 करोड़ रुपये हो गया है। 'नई नवेली' का कलेक्शन 26.89 करोड़ रुपये है।
सिनेमाघरों में टिकी है दृश्यम 3
अजय देवगन अभिनीत फिल्म 'दृश्यम 3' महीनेभर बाद भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है। हालांकि, कमाई अब लाखों में सिमट गई है। रविवार को 31वें दिन इस फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, कल सोमवार यानी 32वें दिन कमाई 55 लाख रुपये रही। इस फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन अब 377.91 करोड़ रुपये हो चुका है।