क्यों टाली गई सुनवाई?
भारत छोड़ने के नोटिस के खिलाफ इमरान खान की याचिका पर आज सोमवार को सुनवाई टाल दी गई। अब यह सुनवाई कल यानी 27 अक्तूबर को होगी। बॉम्बे हाई कोर्ट मंगलवार को एक्टर इमरान खान की भारत छोड़ो नोटिसी के खिलाफ अर्जी पर सुनवाई करेगा। इमरान को यह नोटिस फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (FRRO) से मिला था।
कब होगी अगली सुनवाई?
आज सोमवार सुबह जब मामले की सुनवाई हुई, तो चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की डिवीजन बेंच को बताया गया कि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पेश होंगे और मामले की सुनवाई दोपहर तीन बजे रखी गई। लंच के बाद के सेशन मे इमरान खान की तरफ से पेश सीनियर वकील वेंकटेश धोंड ने सुनवाई टालने की मांग की। मामला अब मंगलवार दोपहर तीन बजे के लिए लिस्टेड है।
भारत छोड़ने के नोटिस में क्या कहा गया?
इमरान खान अमेरिका के नागरिक हैं और ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड होल्डर हैं। मुंबई पुलिस ने 11 अक्तूबर को SIR प्रक्रिया को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने के लिए इमरान को हिरासत में लिया था। लीव इंडिया नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अगर इमरान 28 अक्तूबर तक भारत नहीं छोड़ते हैं तो इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के संबंधित प्रोविजन के तहत उन पर केस चलाया जाएगा।
इमरान खान ने याचिका में क्या कहा?
वकील जुल्फिकार मेमन, परवेज मेमन और चिराग नाइक के जरिए फाइल की गई अपनी याचिका में इमरान खान ने कहा है कि उन्हें देश छोड़ने के लिए जो नोटिस भेजा गया था, वह सिर्फ कुछ पॉलिटिकल लोगों की शिकायतों पर जल्दबाजी में जारी किया गया था, इसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था। ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे पता चले कि उन्होंने किसी प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था या भीड़ इकट्ठा की थी।
याचिका में लिखा है कि लीव इंडिया नोटिस में उन्हें 28 अक्तूबर तक बिना कोई कारण, सपोर्टिंग मटीरियल या खास कानूनी उल्लंघन बताए भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इसे बिना किसी जांच, कारण बताओ नोटिस या कथित उल्लंघनों पर जवाब देने का कोई मौका दिए जारी किया गया। इमरान खान का आरोप है कि अधिकारियों ने बिना उचित विचार किए यह नोटिस जारी किया और एक पब्लिक फिगर होने के कारण उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया।