यशराज फिल्म्स की इस साल रिलीज होने के लिए कतार में लगी दूसरी फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ को लेकर आदित्य चोपड़ा बेहद उत्साहित रहे हैं। परिवार के मनोरंजन लिए बड़े ही जतन से बनी इस फिल्म को अगले महीने 23 अप्रैल को रिलीज होना था लेकिन महाराष्ट्र और देश के दूसरे हिस्सों में भी कोरोनावायरस की दूसरी लहर के प्रकोप देखते हुए ये फिल्म अब बाद में रिलीज होगी। आदित्य चोपड़ा और थिएटर मालिकों के रिश्ते काफी अच्छे रहे हैं। यहां तक कि सिनेमाघरों में दर्शकों को वापस लाने के लिए अनलॉक के बाद उन्होंने अपनी तमाम फिल्में सिनेमाघरों को मुफ्त में दिखाने के लिए दे दी थी। यशराज को विश्वास रहा है कि बंटी और बबली 2 पूरे भारत का मनोरंजन करेगी। यह फिल्म एक पॉपकॉर्न एंटरटेनर है जिसे पूरा परिवार देख सकता है और मज़े ले सकता है। सूत्र बताते हैं कि कोरोना के मौजूदा हालात देखते हुए वह टीकाकरण के अभियान पर नज़र रखना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि देश आने वाले दिनों में इस वायरस के फैलने को कैसे नियंत्रित करता है।
फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ में गली बॉय सिद्धार्थ चतुर्वेदी नए बंटी होंगे और बबली का क़िरदार शरवरी निभाएंगी। वह दो साल से इस किरदार की तैयारी में जुटी रही हैं। यह फिल्म सैफ अली खान और रानी मुखर्जी को भी एक बार फिर से साथ लेकर आ रही है और उन्हें फिल्म में असली बंटी और बबली के रूप में पेश करेगी। सैफ़ और रानी की जोड़ी काफी कामयाब रही है, इन दोनों ने इससे पहले ‘हम तुम’ और ‘ता रा रम पम’ जैसी बड़ी हिट फ़िल्में दी हैं।
आदित्य चोपड़ा फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ के निर्माता है और इसका निर्देशन कर रहे वरुण वी. शर्मा। वरुण की ये पहली फिल्म होगी। इससे पहले वरुण ने यशराज फिल्म्स की फिल्मों ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर ज़िंदा है’ में सहायक निर्देशक के रूप में काम किया है।