सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'योद्धा' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी बीच फैंस के उत्साह को और ज्यादा बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने इसका पहला गाना 'जिंदगी तेरे नाम' रिलीज कर दिया है। इस गाने में अभिनेता और राशि खन्ना की केमिस्ट्री देखते ही बन रही है, जो दोनों के फैंस के लिए किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं है।
'जिंदगी तेरे नाम' गाने को विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। यह गाना एक सुखदायक रोमांटिक ट्रैक है, जो मुख्य जोड़ी के बीच सुंदर और खूबसूरत केमिस्ट्री को दर्शाता है। सिद्धार्थ और राशि खन्ना कश्मीर की बेहतरीन जगहों पर रोमांस फरमाते बेहद प्यारे लग रहे हैं। कौशल किशोर और विशाल मिश्रा द्वारा लिखा गया यह गाना भावपूर्ण और आकर्षक हैं, जो दर्शकों का खासा ध्यान आकर्षित कर रहा है।
'जिंदगी तेरे नाम' गाने का टीजर 23 फरवरी, 2024 को रिलीज किया गया था और इसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। हाल ही में फिल्म 'योद्धा' का टीजर जारी किया गया था, जिसे भी दर्शकों के जरिए खूब सराहा गया। टीजर में हाई-ऑक्टेन स्टंट और सीक्वेंस देखने को मिले, जो दर्शकों को अपनी सीटों से बांधे रखने का वादा करते हैं। टीजर में दिखाया गया कि कमांडो की चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाने के लिए मल्होत्रा ने किस तरह तैयारी की। वह जबरदस्त एक्शन सीन करते लोगों का दिल जीतने में सफल रहे।
'योद्धा' की बात करें तो यह धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित है। साथ ही इसका निर्देशन सागर अंब्रे और पुष्कर ओझा ने मिलकर किया है। फिल्म में दिशा पटानी भी अहम भूमिका में हैं। 'योद्धा' एक बहादुर सैनिक की कहानी है जो एक अपहरण किए गए विमान के यात्रियों को बचाने के लिए सभी बाधाओं से लड़ता है। यह फिल्म 15 मार्च, 2024 को रिलीज होगी।