राकांपा सांसद और अभिनेता डॉ. अमोल कोल्हे ने फिल्म ‘वाय आई किल्ड गांधी’ में नाथूराम गोडसे का किरदार निभाया है, जिसके बाद से ही वह विवादों मे बने हुए हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस फिल्म के रिलीज होने पर रोक लगाने की मांग की। दूसरी तरफ सांसद अमोल कोल्हे को भी खूब आलोचना का भी सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, खुद राकांपा भी अमोल के इस काम से खफा है, जिस वजह से वह मुश्किलों में फंस गए हैं। वहीं, अब अमोल कोल्हे ने फिल्म ‘वाय आई किल्ड गांधी’ में नाथूराम गोडसे की भूमिका निभाने पर दुख व्यक्त किया है। सांसद अमोल कोल्हे ने कहा है कि वह कभी भी महात्मा गांधी के हत्यारे की विचारधारा का समर्थन नहीं करेंगे।
दरअसल, अमोल कोल्हे ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर पुणे के पास आलंदी में महात्मा गांधी के स्मारक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अमोल कोल्हे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘इस फिल्म की शूटिंग साल 2017 में हुई थी। अगर भूमिका में सिर्फ गोडसे का संदेश दिया गया है और इससे गांधी जी का अनुसरण करने वाले लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं उनसे माफी मांगता हूं।'
इसके आगे उन्होंने कहा, ‘मैंने कभी गोडसे की विचारधारा का समर्थन नहीं किया और भविष्य में भी इसका समर्थन नहीं करूंगा। अगर फिल्म में सिर्फ एक पक्ष को प्रस्तुत किया गया है तो मैं जनता को गलत संदेश से बचने के लिए जल्द ही दूसरे पक्ष को भी पेश करूंगा। मैंने फिल्म में नाथूराम की भूमिका निभाई, लेकिन मैं उनकी विचारधारा का कभी समर्थन नहीं करूंगा। इतनी छोटी सी बात से महात्मा गांधी के विचार कभी नहीं मिटेंगे।’
अमोल कोल्हे ने ये भी कहा, ‘माहौल को अराजक बनाने की कोशिश हो रही है इसलिए मैं उस जगह पर आया हूं जहां पर गांधी जी की अस्थियां आलंदी के पास इंद्रायणी घाट पर विसर्जित की गई थीं। मैं उनके शब्दों में 'सबको सन्मति दे भगवान' कहना चाहता हूं।’ इसके अलावा, अमोल कोल्हे ने ट्विटर पर एक पोस्ट भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह आज के युवाओं में महात्मा गांधी के प्रति विश्वास और भक्ति को देखकर बहुत खुश हैं।
‘वाय आई किल्ड गांधी’ लघु फिल्म को अशोक त्यागी ने निदेशित की है और इसके निर्माता कल्याणी सिंह हैं। इसमें 41 वर्षीय कोल्हे गोडसे की भूमिका में नजर आएंगे। यह 2017 में फिल्माई गई थी। इसका ट्रेलर जारी होने के एक माह बाद फिल्म को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।