बॉलीवुड उगते सूरज को सलाम करता है और बेगम जान में लीड किरदार निभा रही विद्या बालन इसकी जीती जागती मिसाल हैं। विद्या ने ऐसा समय भी देखा है जब पत्रकार उन्हें पूछते तक नहीं थे। लेकिन आज इंडस्ट्री में उनका बोलबाला है।
एक इंटरव्यू में विद्या ने इस बात का खुलासा किया कि कैसे एक बार प्रेस वालों ने स्टार आमिर खान को कवर करने के उतावलेपन में उन्हें धक्का तक मार दिया था।
विद्या बालन इन दिनों अपनी फिल्म 'बेगम जान' के प्रमोशन में बिजी हैं। इस दौरान मीडिया से हुई बातचीत में उनसे पूछा गया कि क्या कभी ऐसी स्थिति आई है जब उनका ईगो हर्ट हुआ हो।
इस पर विद्या ने कहा, 'जी हां, जब मैं इंडस्ट्री में नयी थी तो मैं एक फ्यूनरल में गई थी। उस समय मैं अकेली एक्टर थी जो वहां मौजूद थी। इस वजह से फोटोग्राफर मेरी तस्वीरें ले रहे थे और मुझसे बात कर रहे थे। लेकिन जैसे ही आमिर खान वहां पहुंचे तो फोटोग्राफर्स मुझे एक तरफ धकियाते हुए आमिर के पास पहुंच गए और उनकी तस्वीर लेने लगे। उस समय मेरा ईगो हर्ट हुआ।'