'सेट पर कदम रखते ही मीटर हो जाता है चालू'
दीपिका पादुकोण की आठ घंटे शिफ्ट टाइमिंग कंट्रोवर्सी के बीच अक्षय कुमार का एक पुराना वीडियो सामने आया है। यह 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' के शो का है, जिसमें अक्षय कुमार के अलावा अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख भी हैं। सितारे 'हाउसफुल' के प्रमोशन के दौरान पहुंचे थे। इसमें अभिषेक बच्चन ने अक्षय कुमार के वर्क रुटीन पर खुलासा किया। उन्होंने कहा, 'पैक-अप होते ही सबसे ज्यादा एक्साइटेड अक्षय कुमार होते हैं। वे आठ घंटे से ज्यादा काम नहीं करते। सुबह सात बजे सेट पर आ जाते हैं तुरंत मीटर चालू। घंटे पूरे होते ही बीच शॉट में कपड़े उतारकर, मेकअप निकाल लेते हैं और पैकअप'। एक्टर के इस बयान के बाद वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगे। वीडियो में अक्षय मुस्कुराते दिख रहे हैं। साथ ही रितेश देशमुख भी अभिषेक बच्चन की बात को सही ठहराते दिखे हैं।
नेटिजन्स ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर नेटिजन्स रिएक्शन दे रहे हैं। यूजर्स दीपिका पादुकोण की डिमांड को सही ठहरा रहे हैं। वहीं, अक्षय कुमार के फैंस उनके अनुशासन की तारीफ कर रहे हैं। कुछ यूजर्स लिख रहे हैं, 'दीपिका पादुकोण ने मां बनने के बाद आठ घंटे काम करने की डिमांड की है, जबकि अक्षय कुमार शुरू से इसी रूटीन में काम करते आ रहे हैं। दोनों की तुलना नहीं की जा सकती है'। कुछ यूजर लिख रहे हैं, 'अक्षय कुमार जिन फिल्मों में काम करते हैं, उनमें से कुछ वो खुद ही प्रोड्यूस भी करते हैं। उनका मुकाबला नहीं'। वहीं, दीपिका के पक्ष में बोलने वाले नेटिजन्स इंडस्ट्री के डबल स्टैंडर्ड पर सवाल कर रहे हैं।
शिफ्ट टाइमिंग बहस पर दीपिका ने क्या कहा?
हाल ही में दीपिका पादुकोण ने CNN-TV18 के साथ बातचीत में उनके आठ घंटे काम करने की मांग के बाद शुरू हुई कंट्रोवर्सी पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने मेल एक्टर्स का उदाहरण दिया। अभिनेत्री ने कहा, 'एक औरत होने के नाते अगर ये दबाव डालने जैसा लगता है, तो ऐसा ही सही। लेकिन ये कोई सीक्रेट नहीं है कि इंडस्ट्री में कई सुपरस्टार, मेल सुपरस्टार, वर्षों से आठ घंटे काम कर रहे हैं और इसकी कभी हेडलाइन नहीं बनी हैं। मैं अभी किसी का नाम नहीं लेना चाहती और इसे इतना बड़ा नहीं बनाना चाहती। लेकिन ये बात आम है। पब्लिकली कई मेल एक्टर्स के बारे में पता है, जो वर्षों से आठ घंटे काम कर रहे हैं'।