3 अगस्त को रिलीज हुई एनिमेटिड 3डी फिल्म ‘कृष्ण और कंस’ को पांच राज्यों में टैक्स फ्री कर दिया गया है। इस फिल्म को महाराष्ट्र, राजस्थान, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में पहले दिन ही कर मुक्त कर दिया गया था।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश भी इस दिशा में जल्द ही कोई कदम उठा सकते हैं। स्कूल, सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से इस फिल्म को दिखाने के लिए बड़े पैमाने पर बुकिंग शुरू हो गई है।
‘कृष्ण और कंस’ एक ऐसी फिल्म है, जिसमें बॉलीवुड के जाने-माने सितारों मनोज बाजपेयी, प्राची सावे, ओमपुरी और जूही चावला ने अपनी आवाजें दी हैं। फिल्म में कंस की आवाज अभिनेता ओमपुरी ने डब की है।
फिल्म की कहानी में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और कंस के वध को 3डी में दिखाया गया है। इस फिल्म की कहानी से बच्चों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। इसके अलावा फिल्म का निर्देशन विक्रम वेतुरी ने किया है। शांतनु मोइत्र ने फिल्म के संगीत को संवारा है।