हिंदी सिनेमा में आमतौर पर फिल्म निर्माता अपनी फिल्मों के सीन्स और सीक्वेंस फिल्म की रिलीज तक सात तालों में छुपाकर रखते हैं। लेकिन, निर्माता विपुल शाह को अपनी फिल्म कमांडो 3 पर इतना भरोसा है कि उन्होंने फिल्म की रिलीज से पहले ही इसका पूरा पांच मिनट का हिस्सा इंटरनेट पर रिलीज कर दिया है। कुल दो घंटे 13 मिनट की फिल्म कमांडो 3 का इंटरनेट पर बुधवार को रिलीज किया गया हिस्सा फिल्म में विद्युत जामवाल के पहली बार परदे पर आने का सीक्वेंस है।
कमांडो फ्रेंचाइजी देश के युवाओं में काफी लोकप्रिय रही है। इसकी पहली दो फिल्मों की कामयाबी के बाद निर्माता विपुल शाह इसकी तीसरी कड़ी लेकर आए हैं और इस बार ये कहानी देश में कौमी एकता और आपसी भरोसे की कहानी कहने वाली है। विपुल अपनी इस फिल्म को लेकर इतना आश्वस्त हैं कि उन्होंने फिल्म में हीरो की एंट्री वाला सीन पूरा का पूरा बुधवार को इंटरनेट पर रिलीज कर दिया। इस सीन में स्कूल जाने वाली एक लड़की को पास के अखाड़े के कुछ पहलवान छेड़ते दिखते हैं और इन पहलवानों की उनके अखाड़े में ही जबर्दस्त धुलाई करते नजर आते हैं विद्युत जामवाल। गौरतलब है कि फिल्म कमांडो 3 के ट्रेलर ने भी इंटरनेट पर जबर्दस्त कामयाबी पाई थी और रिलीज होने के कई दिनों तक ये सोशल मीडिया पर ट्रेंड करता रहा।