अभिनेता विक्रांत मैसी इन दिनों '12वीं फेल' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर सफलता का झंडा बुलंद चुकी इस फिल्म को पिछले दिनों ओटीटी पर भी रिलीज किया गया है। फिल्म में विक्रांत के एक्टिंग की हर कोई तारीफ कर रहा है। साथ ही साथ फिल्म से जुड़ी खबरें भी लगातार मीडिया में आ रही हैं। इसी कड़ी में '12वीं फेल' के एक क्रू मेंबर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट के जरिए फिल्म की शूटिंग के कुछ दृश्यों को साझा किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने फिल्म के निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा और विक्रांत मैसी के बीच हुई चटपटी बातों का खुलासा किया है।
विक्रांत को कौन जानता होगा!
फिल्म '12वीं फेल' की शूटिंग दिल्ली के मुखर्जी नगर में हुई थी। फिल्म के निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा को लगा था, उनके लिए बेहद आसान होगा इस फिल्म को शूट कर लेना। उन्हें इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि विक्रांत मैसी को लोग पहचानते होंगे। विधु विनोद चोपड़ा ने सोचा था कि भीड़ के सामने ही मॉल में फिल्म के दृश्य को शूट कर लेंगे, क्योंकि लोग विक्रांत को कहां पहचानेंगे! लेकिन, ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ।
'तू तो स्टार निकला'!
'12वीं फेल' की शूटिंग के पहले दिन मॉल में काफी भीड़ जुट गई थी। विधु विनोद चोपड़ा इस बात से बेखबर थे कि विक्रांत मैसी एक बड़े स्टार हैं और उनकी जबरदस्त फैन बेस है। जब सेट पर विधु विनोद चोपड़ा आए और भीड़ को देखा तब उनके मुंह से अचानक ही निकला, 'साला तू तो स्टार निकला'! उनकी इस बात को सुनकर विक्रांत के साथ-साथ टीम के सब लोग भी हंस पड़े थे।
विक्रांत ने फिल्म में 'मनोज शर्मा' का किरदार निभाया है
'12वीं फेल' में विक्रांत ने 'मनोज शर्मा' का किरदार निभाया है। यह एक ऐसा किरदार, जिनकी जिंदगी में काफी संघर्ष है। कितनी मुश्किलों का सामना करते हुए मनोज 'यूपीएससी' का इम्तिहान पास करते हैं, इस फिल्म में उनके सफर को खूबसूरती से दिखाया गया है। कम बजट के साथ बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल रही है।