विक्की कौशल आखिरी बार फिल्म 'जरा हटके जरा बचके' में नजर आए थे। इस रोमांटिक-कॉमेडी मूवी को दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। साथ ही मूवी ने दुनिया भर में 110 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। वहीं, बीते कुछ समय से बड़े पर्दे पर रिलीज हो रहीं फिल्मों जैसे 'सत्यप्रेम की कथा', 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी', 'ओएमजी 2' और 'गदर 2' को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला है। साथ ही 'गदर 2' एक-एक कर बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। 'गदर 2' की सफलता से विक्की कौशल भी खुश हो उठे हैं। साथ ही फिल्मों की हालिया सफलताओं और भविष्य के लिए उनके प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त करते नजर आए हैं।
सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर फिल्म 'गदर 2' 11 अगस्त को रिलीज हुई, और अब तक इसने बॉक्स ऑफिस पर 430 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर ली है। इसी तरह 'ओएमजी 2', आयुष्मान खुराना की 'ड्रीम गर्ल 2' और करण जौहर के निर्देशन में बनी फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' जैसी फिल्मों ने भी सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन किया है। कोविड काल के बाद बॉलीवुड फिल्मों की सफलता से विक्की कौशल बेहद खुश हैं।
विक्की ने अपने हालिया इंटरव्यू में कहा है, 'जरा हटके जरा बचके के साथ जो हुआ, उसके लिए मैं तहे दिल से आभारी हूं। गाने, कहानी और फिल्म पर प्यार बरसाने का श्रेय लोगों को जाता है, यह वास्तव में खास था, और वह भी एक समय पर जब कुछ विशेषज्ञ कह रहे थे कि ऐसी फिल्में नहीं चलेंगी और यह फिल्म ओटीटी आदि के लिए है।' विक्की ने आगे जोड़ा, 'तब से यह हमारे फिल्म उद्योग के लिए अच्छा चल रहा है, जहां हर फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों में वापस ला रही है, यह लोगों का मनोरंजन कर रही है, यह दर्शकों को भावुक कर रही है। जैसे, गदर 2 जो कर रही है वह अविश्वसनीय है। यह अच्छा लगता है कि हर फिल्म का जश्न मनाया जाता है।'
Anurag Kashyap: 'ओएमजी 2' को ए सर्टिफिकेट मिलने पर अनुराग कश्यप ने तोड़ी चुप्पी, सीबीएफसी की उधेड़ी बखिया
विक्की कौशल ने उम्मीद जताई कि 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' रिलीज होने पर भी यह गति जारी रहेगी। उन्होंने कहा, 'मैं प्रार्थना करता हूं कि इस फिल्म को और भी अधिक प्यार मिले, यह एक पारिवारिक फिल्म भी है और यह कुछ ऐसी चीज है जिसका हम आनंद उठा सकते हैं, और अपने परिवार के साथ जश्न मना सकते हैं। इसलिए, उम्मीद है।' इस पारिवारिक मनोरंजन फिल्म का निर्देशन विजय कृष्ण आचार्य ने किया है, जो 'टशन' और 'धूम 3' के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में विक्की कौशल, भजन कुमार नामक एक स्थानीय गायन स्टार की भूमिका में नजर आने वाले हैं। 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' 22 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।