वरिष्ठ बंगाली अभिनेता सौमित्र चटर्जी कुछ दिन पहले ही कोरोना संक्रमित पाए गए थे। लेकिन उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार होता दिखाई नहीं दे रहा है। जिसे देखते हुए डॉक्टर्स ने उन्हें ITU (Intensive therapy unit) में शिफ्ट कर दिया है। डॉक्टरों की एक टीम सौमित्र पर पूरी तरह से निगरानी बनाए हुए हैं। 85 वर्षीय सौमित्र को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर तुरंत कॉलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था।
सौमित्र के स्वास्थ्य की जानकारी अस्पताल प्रशासन ने दी है। अस्पताल के डॉक्टर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए बताया, 'मिस्टर चटर्जी को बेचैनी का अनुभव करने और तीव्र भ्रम की स्थिति में पहुंचने के बाद ITU में शिफ्ट कर दिया गया है। हमने उनकी नजदीकी निगरानी के लिए ITU में शिफ्ट किया है। उनकी स्थिति थोड़ी गंभीर बनी हुई थी, इसलिए हमें अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है।'
बता दें कि 85 वर्षीय बांग्ला फिल्मों के अभिनेता सौमित्र चटर्जी को 6 अक्तूबर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। जिसके बाद उन्हें कोलकाता के मिंटो पार्क स्थित बेलव्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिनेता ने अपने फैमिली फिजिशियन की सलाह पर कोविड टेस्ट करवाया था। उनकी रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआत में उन्हें जनरल वॉर्ड में रखा गया लेकिन हालत में सुधार ना होने के चलते अब उन्हें अत्यधिक देखभाल के लिए ITU में भर्ती किया गया है।
गौरतलब है कि सौमित्र चटर्जी की गिनती बंगाल के सबसे बड़े अभिनेताओं में होती है। उन्होंने ऑस्कर विजेता फिल्मकार सत्यजीत रे के साथ 14 फिल्में की हैं। सौमित्र चटर्जी ने 1955 में सत्यजीत रे की फिल्म 'अपूर संसार' से ही फिल्मों में कदम रखा था। सौमित्र चटर्जी को फिल्मों में उनके अमूल्य योगदान के लिए 2012 में दादा साहेब फालके पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
पढ़ें: फिल्म निर्देशक विजय रेड्डी का निधन, फैंस और सितारे दे रहे श्रद्धांजलि