कोई 14 साल पहले अमेरिका के शहर सैन फ्रैंसिस्कों में दो लोगों ने यूं ही विचार किया कि क्या वे किसी भी अनजान शख्स को अपने घर में बतौर मेहमान कुछ दिन के लिए रख सकते हैं और क्या ही अच्छा हो कि ये मेहमान इस दौरान रुकने का खर्च भी खुद ही उठाएं। देखने में इसमें कुछ भी अजीब नहीं लगता क्योंकि पेईंग गेस्ट का चलन जमाने में अरसे से चला आ रहा है, लेकिन आपको हैरानी तब होगी जब आपको पता चलेगा कि दुनिया भर में मशहूर सेवा एयरबीएनबी की शुरूआत साल 2007 में ऐसे ही हुई थी। तब से अब तक इसमें 40 लाख मेजबान जुड़ चुके हैं जिन्होंने दुनिया भर के लगभग 90 करोड़ से अधिक मेहमानों का स्वागत किया है। कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ने के साथ ही कारोबारी गतिविधियां फिर से रफ्तार पकड़ रही हैं और एयरबीएनबी ने भारत में अपनी सेवाओं को लोगों के बीच चर्चित कराने के लिए तमाम दूसरी सेवाओं की तरह ही हिंदी सिनेमा का सहारा लिया है।
इन सितारों से कोई भी शख्स सीधे बात कर सकता है, सवाल पूछ सकता है और दिल करे तो इनके साथ गाना भी गा सकता है। एयरबीएनबी ने बॉलीवुड इनसाइडर्स नाम का जो नया कार्यक्रम शुरू किया है, ये दुनिया भर के ञनलाइन अनुभवों और ठहरने की जगहों की ऐसी कड़ी का हिस्सा है जहां या तो हिंदी सिनेमा के सितारे मेजबानी करते रहे हैं या फिर हाल में मेहमान रहे हैं। मंगलवार को घोषित एयरबीएनबी बॉलीवुड इनसाइडर्स ऑनलाइन अनुभवों का एक ऐसा 10 दिवसीय उत्सव है जो कि फ़िल्म जगत की कहानियों से रूबरू कराता है। इन खास ऑनलाइन अनुभवों के साथ बॉलीवुड इनसाइडर्स 13 अगस्त से शुरू होगा और 10 दिन तक चलेगा।