अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना आज अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। खन्ना परिवार के लिए आज यानी 29 दिसंबर का दोहरी खूशी का दिन होता है। आज ही के दिन फिल्म इंडस्ट्री के पहले सुपरस्टार और अभिनेत्री के पिता राजेश खन्ना का भी जन्मदिन होता है। ट्विंकल का जन्म अपने पिता के जन्मदिन के दिन ही हुआ था। ट्विंकल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपने पिता को याद किया है। इसके साथ ही अभिनेत्री ने नोट लिख अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है।
बचपन की मनमोहक तस्वीर की साझा
ट्विंकल ने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से अपने बचपन की एक मनमोहक तस्वीर साझा की, जिसमें राजेश खन्ना नन्हीं ट्विंकल को गोद में लिए हुए थे और उनकी तरफ प्रेम भरी निगाहों से देखते नजर आ रहे थे। आज जन्मदिन पर अभिनेत्री ने अपने पिता को याद करते लिखा, 'हमारा जन्मदिन, अब और हमेशा के लिए।' अभिनेत्री और राजेश खन्ना की तस्वीर पर फैंस प्यार लुटा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Madhu Chopra: मधु चोपड़ा ने बांधे निक जोनस की तारीफों के पुल, बेटी प्रियंका को लेकर कही यह बात
राजेश खन्ना को फैंस ने किया याद
अभिनेत्री की साझा की गई तस्वीर पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, 'हैप्पी बर्थडे मैम, तस्वीर बहुत खूबसूरत है।' वहीं, दूसरे ने कहा, 'खूबसूरत और अनमोल तस्वीर, जन्मदिन मुबारक हो 'काका'।' एक और यूजर ने कहा, 'सुपरस्टार राजेश खन्ना को भी जन्मदिन की शुभकामनाएं।' फिल्मी सितारों से लेकर फैंस तक ट्विंकल और उनके पिता राजेश खन्ना को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।
एडवेंचर स्विमिंग स्नॉर्कलिंग करती आईं नजर
ट्विंकल ने सुबह अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे अपने पति अक्षय कुमार और बच्चों के साथ एडवेंचर स्विमिंग स्नॉर्कलिंग करती नजर आईं। उन्होंने वीडियो के साथ स्नॉर्कलिंग का एक्सपीरियंस भी शेयर किया। ट्विंकल ने कैप्शन में लिखा, 'जस्ट कीप स्विमिंग, आज जब मैं अपने 50वें जन्मदिन पर आसपास की दुनिया और अपने परिवार को देखती हूं तो मेरी आंखें और दिल आश्चर्य से भर जाता है। इससे फर्क नहीं पड़ता जिंदगी क्या उतार-चढ़ाव लाती है, बस तैरते रहो। रोमांच कभी खत्म नहीं होना चाहिए।'
यह भी पढ़ें: Gadar 2 TV Premiere: सिनेमाघरों के बाद टीवी पर धूम मचाने आ रही 'गदर 2', जानें कब और कहां देख सकेंगे फिल्म?