'तू झूठी मैं मक्कार'
लव रंजन के निर्देशन में बनी और रणबीर-श्रद्धा कपूर अभिनीत फिल्म तू झूठी मैं मक्कार ने पहले सोमवार की परीक्षा ठीकठाक अंकों से पास कर ली थी। इसके बाद फिल्म ने मंगलवार को भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करते हुए सोमवार को हुई कमाई के अंक बरकरार रखे। मंगलवार को फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज नहीं हुई है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक तू झूठी मैं मक्कार ने सातवें दिन (मंगलवार) 6.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसी के साथ फिल्म का टोटल कलेक्शन अब 82.34 करोड़ रुपये हो गया है।
'पठान'
सिनेमाघरों में अब पठान की रफ्तार सुस्त होती नजर आ रही है। बता दें कि इस फिल्म की रिलीज को आज 50 दिन पूरे हो गए हैं। इस लिहाज से देखें को फिल्म अच्छी ही कमाई कर रही है। शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम जैसे सितारों से सजी पठान ने ओपनिंग डे से ही कमाई के मामले में तमाम रिकॉर्ड कायम किए हैं। इस फिल्म के जरिए शाहरुख खान ने करीब चार साल बाद धांसू कमबैक किया है। अब भी फिल्म सिनेमाघरों में टिकी हुई है। वीकेंड में इसके कलेक्शन में अच्छा खासा इजाफा हुआ था। हालांकि, वर्किंड डे में इसकी कमाई में काफी गिरावट दर्ज हुई है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 49वें दिन पठान ने 25 लाख रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 540.16 करोड़ रुपये हो गया है।
चुनौती का सामना करेगी 'तू झूठी मैं मक्कार'?
बता दें कि लव रंजन के निर्देशन में बनी 'तू झूठी मैं मक्कार' का अब तक का परिणाम उम्मीदों के मुताबिक चल रहा है। करीब 95 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अगर इसी रफ्तार से चली तो जल्द ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो जाएगी। मगर, इस बार वीकेंड पर इस फिल्म के सामने नई चुनौती होगी। इस शुक्रवार सिनेमाघरों में दो फिल्में रिलीज हो रही हैं- रानी मुखर्जी की मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे और कपिल शर्मा की ज्विगाटो। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पठान और इन दो फिल्मों के सामने 'तू झूठी मैं मक्कार' अपनी साख बचा पाएगी?