जिंदगी एक लूजर को मौका जरूर देती है जिसमें वह विनर बन सकता है। फिल्म को मूल थीम को शाहरुख ट्रेलर में कुछ इस तरह से समझाने की कोशिश करते हैं। बात शाहरुख की नई फिल्म हैपी न्यू ईयर के बारे में हो रही है। इस फिल्म को दीवाली पर रिलीज होना है। फिल्म का ट्रेलर आ गया है। चलिए उसी से फिल्म को समझने की कोशिश करते हैं।
फिल्म 6 ऐसे लोगों की कहानी है जिन्हें जिंदगी में अब तलक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है लेकिन वह सफल होने की ख्वाहिश रखते हैं। ये सभी 6 लूजर्स एक मकसद के लिए जुड़ते हैं। मकसद है दुनिया की सबसे बड़ी चोरी। ट्रेलर में हीरो को संकेत में दिखाकर यह बताने की कोशिश की गई है यह चोरी हीरे की है। यानी वही पुरानी थकी हुई थीम...
पानी की तरह बहा है पैसा
तीन मिनट से अधिक समय के इस ट्रेलर के खास बात यह इसकी भव्यता है। फिल्म जिस तरह के भव्य सेट और महंगे आउटडोर दिखाती है उसे देखकर लगता है कि फिल्म में पानी की तरह पैसा बहाया गया है। न सिर्फ फिल्म के एक्शन और चोरी के दृश्यों में बल्कि गानों में भी।
फराह खान की पारंपरिक कॉमेडी की झलक भी ट्रेलर में देखने को मिलती है। एक सीन में शाहरुख अपनी मुंह में उंगली घुसाकर डायलॉग बोल रहे होते हैं। क्या इस स्टाइल की कॉमेडी आपको लुभाएगी? इसके अलावा दीपिका और बोमन भी कुछ-कुछ कॉमेडी करते दिखते हैं। वही फराह खान स्टाईल वाली कॉमेडी।
क्या यही थीम मिली थी
फिल्म इंडस्ट्री में चोरियों की कहानी पर फिल्म बनाना 50 साल से अधिक भी पुराना थीम है। 1967 में विजय आनंद ने देवआनंद को लीड रोल में रखकर हीरे की चोरी पर ज्वेलथीप जैसी सफल फिल्म बनाई। इसके बाद चोरियों पर अलग-अलग तरीके की फिल्में बनती ही रही हैं।
फराह खान भी अक्षय को लेकर तीस मार खां जैसी चोरी वाली फिल्म बना चुकी हैं। शाहरुख भी डॉन फिल्म में लगभग-लगभग चोर का किरदार करते नजर आए हैं। अभिषेक बच्चन भी ब्लफ मास्टर और बबली और बंटी फिल्म में चोरी कर चुके हैं। तो समझ में नहीं आता कि फराह खान को क्या यही थीम मिली थी।
उनके पास जब इतने बड़े-बड़े स्टार थे तब उन्हें कोई और विषय नहीं सोचना था। शाहरुख और फराह के मुताबिक यह उनकी ड्रीम फिल्म है जिसके कहानी कई सालों से फराह के दिमाग में पक रही है। क्या ड्रीम इतने घिसे-पिटे हो सकते हैं?
अजीब से गेटअप भी
चोरी की फिल्मों में तरह-तरह के गेटअप बनाना भी पुराना ट्रेंड रहा है। अभिषेक बच्चन एक छोटे से सीन में बबली और बंटी फिल्म की नकल करते हैं तो शाहरूख कई जगहों पर डॉन की। शाहरुख और अभिषेक का यह गेटअप कहीं-कहीं आपको इरीटेट कर सकता है। फिल्म में सोनू सूद शायद कॉमेडी के लिए रखे गए है।
ट्रेलर के एक सीन में वह दबंग फिल्म के सलमान की कॉपी कर रहे होते हैं। बोमन इरानी और दीपिका पादुकोन के हिस्से में ट्रेलर में बहुत कुछ नहीं आया है। हां फिल्म में शाहरुख का नाम चार्ली और दीपिका का नाम मोहिनी रखा गया है। यानी नाम रखने में भी घिसी-पिटे तरीके।फिल्म का ट्रेलर तो बहुत प्रभावित नहीं करता लेकिन आप देखकर खुद तय कीजिए कि क्या यह ट्रेलर आपको फिल्म देखने के लिए हॉल में ले जाने के लिए काफी होगा?
यह रहा ट्रेलर