युवा अभिनेता टाइगर श्रॉफ की पिछले कुछ समय से चर्चाओं में चल रही फिल्म 'गणपत' की निर्माताओं ने आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी है। इस फिल्म का निर्माण पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर तले होगा जबकि फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है ऋतिक रोशन की फिल्म 'सुपर 30' बनाने वाले विकास बहल को। यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है।
बृहस्पतिवार के दिन निर्माताओं ने फिल्म 'गणपत' का एक मोशन पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी किया जिसमें टाइगर की आवाज में एक संवाद भी शामिल है। वह संवाद है, 'जब अपन डरता है ना तब अपन बहुत मारता है'। फिल्म की घोषणा के मौके पर टाइगर ने कहा, 'मैंने अब तक जितनी फिल्में की हैं, उन सब में यह फिल्म बहुत अलग है। क्योंकि, इस फिल्म में मेरा किरदार बिल्कुल नया है। इस फिल्म की पटकथा मुझे काफी अच्छी लगी। अब मैं इस काम को करने के लिए बहुत बेकरार हूं।'
निर्माताओं ने बताया है कि इस फिल्म की शूटिंग अगले साल के मध्य से शुरू होगी। जिस तरह टाइगर की 'बागी' फ्रेंचाइजी चल रही है और जिस तरह वह अपनी 'हीरोपंती' फ्रेंचाइजी पर भी काम कर रहे हैं, बिल्कुल उसी तर्ज पर टाइगर की फिल्म 'गणपत' भी एक फ्रेंचाइजी के रूप में ही आगे बढ़ेगी। इस किरदार को भली-भांति निभाने के लिए टाइगर ने तैयारियां तो अभी से शुरू कर दी हैं।
हिंदी फिल्मों के अभिनेताओं में टाइगर की गिनती सबसे व्यस्त कलाकारों में होती है। 'गणपत' की शूटिंग तो टाइगर बाद में शुरू करेंगे, उससे पहले उनके पास अपनी फिल्म 'हीरोपंती 2' भी मौजूद है। इस फिल्म का निर्देशन अहमद खान करेंगे और साजिद नाडियाडवाला इसके निर्माता हैं। 'गणपत' के लिए की गई तैयारी टाइगर के लिए 'हीरोपंती 2' में भी काम आ सकती है। क्योंकि, ये दोनों ही एक्शन फिल्में हैं। लेकिन, दोनों ही फिल्मों में टाइगर का रूप थोड़ा अलग है। फिल्म 'गणपत' में टाइगर थोड़े वास्तविक दिखेंगे, जबकि 'हीरोपंती 2' में वह हीरोपंती ही करने वाले हैं।
टाइगर की फिल्मोग्राफी में एक फिल्म 'रैंबो' भी जुड़ी हुई है। इस फिल्म का निर्देशन रोहित धवन करेंगे। इतनी जल्दी तारीखें जुटाना तो मुश्किल होगा इसलिए टाइगर 'हीरोपंती 2' खत्म करने के बाद 'गणपत' शुरू करेंगे। और 'गणपत' खत्म होते ही टाइगर की फिल्म 'रैंबो' की शूटिंग भी शुरू हो जाएगी। इस हिसाब से 'रैंबो' की शूटिंग अगले साल के अंत में ही शुरू हो सकती है। इस तरह देखा जाए तो टाइगर का फिल्मी शेड्यूल पूरा एक्शन पैक्ड है।
13 साल बाद रिलीज होने जा रही कपिल शर्मा की ये डेब्यू फिल्म, हरमन के साथ नाना पाटेकर का दमदार किरदार