कमाई और लोकप्रियता के नए कीर्तिमान बना चुकी आमिर अभिनीत फिल्म 'थ्री इडियट्स' ने चार साल बाद फिर धमाका किया है। इस बार यह धमाका जापान में हुआ है।
भारत में धूम मचाने के चार साल बाद इस फिल्म ने जापानी बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़े हैं। जापान की लेटेस्ट बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबित इस फिल्म ने वहां पहले दो हफ्तों में सौ मिलियन से ज्यादा का व्यवसाय किया है।
यह अपने आप में एक रिकार्ड है। इससे पहले किसी भारतीय फिल्म ने जापान में यह कारनामा नहीं किया है। पहले दो हफ्तों में इतनी कमाई करने वाली वह पहली भारतीय फिल्म बन गई है।
इससे पहले जापान में 1995 में रजनीकांत स्टारर फिल्म 'मुथ्थु' को भी दर्शकों ने पसंद किया था। लेकिन 'थ्री इडियट्स' इससे कहीं आगे निकल गई है।
गौरतलब है कि यह फिल्म ताईवान, कोरिया, हांगकांग और चीन के बॉक्स ऑफिस पर भी धूम मचा चुकी है।