सुदीप्तो सेन के निर्देशन में बनी फिल्म 'द केरल स्टोरी' तमाम विवादों के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी। 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी अदा शर्मा अभिनीत इस फिल्म ने 242 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। हालांकि, फिल्म की ओटीटी रिलीज पर खूब बवाल मचा। यही कारण रहा कि यह ब्लॉकबस्टर फिल्म अब तक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक नहीं दे पाई है। हालांकि, अब इसका इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म मिल चुका है। साथ ही इसकी स्ट्रीमिंग की तारीख से भी पर्दा उठ गया है। 'द केरल स्टोरी', 16 फरवरी को जी5 पर अपने वर्ल्ड प्रीमियर के लिए तैयार है।
ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 एक और हार्ड-हिटिंग, सच्ची कहानी 'द केरल स्टोरी' को रिलीज करने के लिए तैयार है। अदा शर्मा अभिनीत फिल्म, केरल में युवा हिंदू महिलाओं के कथित कट्टरपंथ और दूसरे धर्म में रूपांतरण, उन्हें आतंकवादी समूहों में शामिल होने के लिए मजबूर करने के संवेदनशील और जटिल मुद्दे पर प्रकाश डालती है। जी 5 ने 'द केरल स्टोरी' का विश्व डिजिटल अधिकार हासिल किया है। साथ ही यह 16 फरवरी, 2024 को हिंदी, तमिल, तेलुगु में घरेलू ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम के लिए तैयार है।
'द केरल स्टोरी' की ओटीटी स्ट्रीमिंग पर इसके निर्देशक सुदीप्तो सेन का कहना है, 'इस तरह के संवेदनशील विषय को उठाना और इसे फिल्म में अनुवाद करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है; यह एक चुनौती है, जिसे हमने स्वेच्छा से स्वीकार किया है। हालांकि, हर फिल्म निर्माता अपने काम के बारे में आश्वासन चाहता है। द केरल स्टोरी का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन मेरे लिए खुद पर विश्वास जारी रखने का आश्वासन था। लेकिन, जिन लोगों ने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, मैं उनसे परिवर्तनकारी अनुभव के लिए जी 5 पर द केरल स्टोरी देखने का आग्रह करता हूं।'
'द केरल स्टोरी' में मुख्य भूमिका में नजर आईं अभिनेत्री अदा शर्मा कहती हैं, 'द केरल स्टोरी के साहसी निर्माता, विपुल शाह और सुदीप्तो सेन इस फिल्म को जीवंत बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए सराहना के पात्र हैं। बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता के बाद, दुनिया भर में इतिहास रचते हुए अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला प्रधान फिल्म बनने के बाद, अब हम जी5 पर फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इस वैश्विक मंच के साथ फिल्म का सहयोग हमें अधिक व्यापक दर्शकों तक फिल्म की पहुंच बढ़ाने में सक्षम बनाएगा।' इसके साथ ही फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह भी इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर काफी ज्यादा उत्साहित हैं।