फिल्मकार संजय लीला भंसाली अपने नाम के मध्य में अपनी मां लीला भंसाली का नाम इस्तेमाल करते हैं। आज यह नाम उनकी पहचान बन चुकी है और पूरी दुनिया उन्हें इसी नाम से पहचानती है। अब भंसाली की राह पर ही 'थप्पड़' फिल्म के निर्देशक अनुभव सिन्हा, निर्माता भूषण कुमार और कृष्ण कुमार भी निकल पड़े हैं। बीते दिनों सामने आए फिल्म के पोस्टर और फिल्म के ट्रेलर में अनुभव सुशीला सिन्हा, भूषण सुदेश कुमार और कृष्ण कृष्णा कुमार लिखा नजर आ रहा है। तीनों ने अपने नाम के मध्य में अपनी मां का नाम जोड़ा है।
यह फिल्म लैंगिक समानता, घरेलु हिंसा और महिलाओं के मान-सम्मान से जुड़ी हुई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस फिल्म के जरिए सभी ने अपनी मां को सम्मान दिया है। इस वजह से ही निर्देशक से लेकर निर्माताओं ने अपने नाम के साथ अपनी मां का नाम जोड़ा है। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म अपने पोस्टर और ट्रेलर के सामने आने के बाद से ही काफी चर्चा में आ गई है। फिल्म का विषय अनुभव सुशीला सिन्हा की पिछली फिल्म 'मुल्क' और 'आर्टिकल 15' तो वहीं तापसी की 'पिंक' जैसी फिल्मों की याद दिलाता है।
फिल्म के ट्रेलर की बात करें तो सोशल मीडिया पर इसे बेहद पसंद किया जा रहा है। हर वर्ग के लोगों ने इसकी तारीफ की है साथ ही उन्होंने महिलाओं से जुड़ी इन समस्याओं और सोच पर इसे जोरदार थप्पड़ के तौर पर माना है। तापसी खुद भी इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं उनके अनुसार इस विषय पर काम करना चाहती थी। तब अनुभव सिन्हा ने फिल्म को लेकर अपना विचार साझा किया और तापसी ने बिना देर किए ही इसे लेकर अपनी रजामंदी दे दी। सिनेमाघरों में यह फिल्म 28 फरवरी को रिलीज हो रही है।