तेलुगू फिल्मों के अभिनेता विजय साई हैदराबाद के युसूफगुडा इलाके में स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए। पुलिस ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी।
पुलिस इंस्पेक्टर के. पुर्णाचंदेर ने बताया कि 35 वर्षीय अभिनेता ने कथित तौर पर अपने आवास पर सिलिंग फैन से फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जाता है कि आपसी विवाद की वजह से विजय और उनकी पत्नी दोनों अलग-अलग रह रहे थे।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हाल ही में विजय की पत्नी ने उनके खिलाफ घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। विजय ने तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में साल 2001 में एंट्री ली थी। विजय ने बोम्मारिल्लू, अम्मायिलू अब्बायिलू जैसी हिट फिल्मों में काम किया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उस वीडियो क्लिप की जांच कर रही है जिसके बारे में माना जा रहा है कि मृत्यु से पहले विजय ने इसे खुद रिकॉर्ड किया था। अभिनेता के निधन से तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री स्तब्ध है।