ओटीटी की दुनिया की 'शेरनी' यानी अभिनेत्री सुष्मिता सेन आज अपना 48वां जन्मदिन मना रही हैं। सुष्मिता अपने परिवार के बहुत करीब हैं और अक्सर उनके लिए अपना प्यार सोशल मीडिया पर व्यक्त करती रहती हैं। लेकिन आज अभिनेत्री के लिए प्यार व्यक्त करने का मौका उनके परिवार के सदस्यों का था। सुष्मिता के लिए इस पल को और भी खास बनाने के लिए अभिनेत्री के भाई राजीव सेन की पूर्व पत्नी चारू असोपा ने एक खास पोस्ट के जरिए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
चारू ने सुष्मिता को बताया प्रेरणा
चारू ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सुष्मिता के साथ कई तस्वीरें साझा की और खास नोट भी लिखा। चारू ने लिखा, 'सबसे अद्भुत व्यक्ति जिसे मैं जानती हूं, उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं। मुझे नहीं पता कि इसे कहां से शुरू करूं, लेकिन मैं सच में चाहती हूं कि आप जानें कि मैंने आपसे बहुत कुछ सीखा है और मुझे लगता है कि सबसे बड़ी चीज जो मैंने सीखी है वह है जीवन को बहुत शालीनता और साहस के साथ जीना। आप वास्तव में प्रत्येक महिला के लिए एक प्रेरणा हैं। जियाना की सेक्सी बुआ को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं और जियाना आपसे सबसे ज्यादा प्यार करते हैं दीदी।'
बेहद खास है चारू और सुष्मिता का बॉन्ड
इस खास पोस्ट के साथ साझा की गई तस्वीरों में सुष्मिता सेन चारू और जियाना के साथ पोज देती नजर आ रही हैं। एक फोटो में सुष्मिता को चारू और उनकी बेटी जियाना के साथ पोज देते देखा जा सकता है। एक अन्य तस्वीर में सुष्मिता को जन्म के तुरंत बाद में बेबी जियाना को गोद में लिए हुए देखा जा सकता है। बाकी तस्वीरें चारू की गोद भराई की हैं, जिनमें सुष्मिता उन पर प्यार लुटाती नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों में चारू और सुष्मिता का बॉन्ड साफ नजर आ रहा है।
फैंस ने लुटाया प्यार
चारू असोपा की पोस्ट पर सुष्मिता के फैंस खूब प्यार लुटा रहे हैं। एक फैन ने लिखा, 'सुष्मिता मैम वास्तव में जीवन में एक बार मिलने वाली महिला हैं, सच में प्रतिष्ठित और प्रेरणादायक।' दूसरे ने कहा, 'वह सच में एक प्रेरणा हैं।' एक अन्य फैन ने लिखा, 'अरे ऐसी बुआ बनना तो मेरा सपना है।' आपको बता दें, चारू असोपा की शादी सुष्मिता के भाई राजीव सेन से हुई थीं। दोनों की एक बेटी जियाना भी है, लेकिन दोनों का रिश्ता लंबा नहीं चल सका और तलाक हो गया। हालांकि, चारू का रिश्ता सुष्मिता और राजीव के माता-पिता के साथ आज भी बहुत अच्छा है।