कोरोना वायरस के प्रकोप ने हर क्षेत्र को प्रभावित किया। इस दौरान कई लोगों की नौकरियां छूटीं, व्यापार में उनको लाखों रुपयों का घाटा सहन करना पड़ा। इस महामारी के प्रभाव से कलाकार भी अछूते नहीं रहे। कई एक्टर्स को कोरोना महामारी के कारण विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ा। वरिष्ठ एक्टर और बजरंगी भाईजान फिल्म में सलमान खान की को-स्टार रहीं सुनीता शिरोल को पहले से ही कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं महामारी ने उनकी परेशानियों को और भी बढ़ा दिया।
वृद्धावस्था में इस एक्ट्रेस को कई शारीरिक समस्याएं हो गई हैं। महामारी के बाद से सुनीता शिरोल को फिल्मों में भी काम मिलना बंद हो गया। इस बीच उनकी आमदनी के सारे रास्ते बंद हो गए थे। लॉकडाउन के दौरान वे कई बार बीमार हुईं, जिसके चलते उनको हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा। किडनी इन्फेक्शन के कारण सुनीता की सारी जमा पूंजी महंगे इलाज में खत्म हो गई। आज उनके सामने एक बहुत बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इन सब के बीच इस एक्ट्रेस ने लोगों से मदद की गुहार लगाई है।
सुनीता शिरोल का कहना है - "मैं तब से काम कर रही थी जब तक महामारी नहीं आ गई। इस कठिन परिस्थिति के बीच मैंने अपने आप को जिंदा रखने के लिए अपनी सारी बचत का उपयोग कर लिया है। इस बीच मुझको किडनी का संक्रमण भी हो गया और घुटनों में दर्द होने लगा। इस वजह से मुझको अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।"
आगे वे कहती हैं - "अस्पताल में भर्ती होने के बाद मैं दो बार नीचे गिर गई, जिसके चलते मेरा बायां पैर टूट गया। अब हालात ये हैं कि मैं अपना पैर मोड़ नहीं पाती। पहले मेरी एंजियोप्लास्टी हो चुकी है और अब मैं कई दूसरी बीमारियों से जूझ रही हूं।"
सुनीता आगे बताती हैं कि उनके पास रहने के लिए घर भी नहीं है। वे इस दौरान नुपुर अलंकार के घर पर रह रही हैं। आर्थिक दिक्कतों के चलते जिस फ्लैट में वे पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही थीं। पैसे ना होने के कारण वहां वे तीन महीनों की पेमेंट नहीं कर सकीं। इस बीच नुपुर अलंकार ने सुनीता की मदद की और उन्हें अपने घर पर लेकर आईं। नुपुर ने उनके लिए एक नर्स को भी हायर किया है।
आपको बता दें कि सुनीता शिरोल की उम्र इस समय 85 साल की है। उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम कर रखा है जैसे 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह', 'बजरंगी भाईजान', 'शापित' और 'मेड इन चाइना'।