शाहरुख खान ने पिछले साल रिलीज अपनी तीन फिल्मों 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' के साथ यह साबित कर दिया कि आखिरकार उन्हें बॉलीवुड का बादशाह क्यों कहा जाता है। शाहरुख की एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। यही कारण है कि किंग खान का एक वायरल वीडियो भी सोशल मीडिया यूजर्स का खासा ध्यान आकर्षित करता है। हाल ही में अभिनेता को इंडियन ऑफ द ईयर के सम्मान से नवाजा गया है। इसी बीच एसआरके का एक वीडियो इंटरनेट जगत में ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है, जिसमें वह मुंबई के एक क्लिनिक से निकलते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इसी दौरान कुछ ऐसा होता है, जिसे देख नेटिजन्स की भौहें तन गई हैं।
शाहरुख खान को बीती रात मुंबई के एक क्लिनिक से बाहर निकलते वक्त स्पॉट किया गया। यूं तो किंग खान ने हुडी पहन रखी थी, और चेहरे को छिपाया हुआ था, बावजूद इसके सुपरस्टार की एक झलक पाने की उम्मीद में फोटोग्राफरों और फैंस की भारी भीड़ बाहर जमा हो गई। शाहरुख ने हुडी पहनकर और खुद को छाते के नीचे ढककर कम प्रोफाइल बनाए रखने की कोशिश की। हालांकि, उनका प्रयास विफल रहा।
इंस्टाग्राम पर एक पैपराजी द्वारा साझा किए गए वीडियो में, शाहरुख को शहर में क्लिनिक से बाहर निकलते देखा गया, उनकी मैनेजर उनके साथ थीं और वाई प्लस सुरक्षा उन्हें भीड़ से बचा रही थी। आमतौर पर खुश रहने वाले 'डंकी' अभिनेता का मूड काफी खराब लग रहा था। दरअसल, वायरल क्लिप में शाहरुख खान किसी चीज पर अपना हाथ झटकते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वह चीज क्या है, इसकी झलक वीडियो में नहीं है। वहीं, इसे देखने के बाद कयासों का बाजार गर्म हो गया है। सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि उन्होंने अपने एक फैन का फोन खींच दिया, क्योंकि वह बी-टाउन स्टार की तस्वीर खींचने की कोशिश कर रहा था।
कयासों के आधार पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक नेटिजन ने कमेंट कर लिखा है, 'आखिरकार सभी सितारे भी इंसान हैं, उनके भी अच्छे बुरे दिन आ सकते हैं, लेकिन लोग इसे नहीं समझते हैं।' दूसरे ने लिखा, 'इनका अहंकार तो देखिए कैसे किसी को मारने की कोशिश की।' वहीं, एक अन्य लिखते हैं, 'मोमेंट में हो जाता है... लेकिन उन्होंने तुरंत पछतावा करते हुए पीछे मुड़कर देखा कि क्या था।' काम के मोर्चे पर शाहरुख खान अगली बार सुजॉय घोष की फिल्म 'द किंग' में अपनी बेटी सुहाना खान के साथ नजर आएंगे।