एक्ट्रेस और मॉडल सोनिका चौहान के मर्डर केस में उनके ब्वॉयफ्रेंड विक्रम चैटर्जी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सोमवार को विक्रम कोलकाता के एक कोर्ट में पेश हुए थे।
विक्रम को 6 जुलाई को स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम ने उनके कास्बा स्थित घर से देर शाम गिरफ्तार किया था। विक्रम पर सोनिका की गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज है। बता दें कि बीते 29 अप्रैल को अभिनेता विक्रम चटर्जी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। हादसा इतना भयंकर था कि गाड़ी में विक्रम के साथ बैठी उनकी गर्लफ्रेंड सोनिका की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि विक्रम गंभीर रूप से घायल हुए थे। ये हादसा कोलकाता के लेक मॉल के पास वाले इलाके में हुआ था।
हादसे के दो सप्ताह के बाद कोलकाता पुलिस ने विक्रम को नोटिस दिया और उन्हें कोलकाता के टॉलीगंज थाने में बुलाया। विक्रम वहां पहुंचे तो पुलिस ने उनसे घंटों तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद विक्रम ने पुलिस को उन जगहों की जानकारी दी जहां-जहां वो और सोनिया हादसे वाले दिन एकसाथ रहे थे। पुलिस ने विक्रम और सोनिका के दोस्तों से भी पूछताछ की।
पुलिस ने विक्रम की क्षतिग्रस्त हुई कार का भी परीक्षण किया। विशेषज्ञों की सहायता से कार का केमिकल टेस्ट भी करवाया गया। विक्रम ने बाद में पूछताछ के वक्त खुलासा किया था कि दोनों एक पार्टी से लौट रहे थे। उन्होंने ये भी कबूला कि उन्होंने पार्टी में ड्रिंक की थी लेकिन वो नशे में चूर नहीं थे।