छोटे पर्दे की मशहूर अभित्रेनी श्वेता तिवारी किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं। इन दिनों श्वेता, रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' की रिलीज के लिए तैयारी कर रही हैं। अभिनेत्री ने हाल ही में ट्रेलर लॉन्च इवेंट में खुलासा किया कि वे न केवल 'इंडियन पुलिस फोर्स' बल्कि रोहित शेट्टी की आगामी फिल्म 'सिंघम अगेन' में भी दिखाई देंगी। इसके अलावा अभिनेत्री ने निर्देशक की प्रशंसा की।
'इंडियन पुलिस फोर्स' का हिस्सा हैं श्वेता
श्वेता तिवारी ने फिल्म में काम मिलने को लेकर कहा, 'रोहित सर ने मुझसे कहा कि वह मुझे तभी दूसरा प्रोजेक्ट देंगे, जब मुझे 'इंडियन पुलिस फोर्स' के सेट पर हर रोज खाना मिलेगा। हालांकि, उन्होंने इसके बिना ही अपनी अगली फिल्म की पेशकश कर दी। उनकी सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' का हिस्सा बनना अपने आप में एक सम्मान की बात है। जब मुझे उनकी टीम से फोन आया, तो मैं बहुत उत्साहित थी। उनकी टीम ने मुझसे जब पूछा कि क्या आप इस फिल्म का हिस्सा बनना चाहती हैं? मैंने बिना कुछ सोचे ही हां बोल दिया।'
यह भी पढ़ें: AEIFF: जावेद अख्तर ने अजंता एलोरा फिल्म फेस्टिवल में एनिमल की उधेड़ी बखिया, शानदार प्रतिक्रिया को बताया खतरा
भेदभाव नहीं करते रोहित शेट्टी
उन्होंने रोहित शेट्टी के बारे में बात करते हुए कहा, 'सर से मेरी पहली मुलाकात 'खतरों के खिलाड़ी' के दौरान हुई थी। मुझे उनसे बहुत डर लगता था। जब वे बात करते हैं, तो उन्हें देखकर यह अंदाजा नहीं लगा सकते कि वे मजाक कर रहे हैं या गंभीर हैं। रोहित सर का व्यवहार मुझे बहुत अच्छा लगा, क्योंकि वे दूसरे लोगों की तरह यह एहसास नहीं दिलाते हैं कि आप टीवी से आए हैं। उनके साथ काम करने वाले सभी कलाकारों को बराबर सम्मान मिलता है। यही वजह है कि मुझे उनके और उनकी टीम के साथ काम करके बहुत अच्छा लगा।'
इस दिन रिलीज होगी सीरीज
'इंडियन पुलिस फोर्स' सीरीज की बात करें, तो यह रोहित शेट्टी के डिजिटल निर्देशन की पहली सीरीज है। सीरीज में सिद्धार्थ मल्होत्रा को एक पुलिस के पहले कभी न देखे गए अवतार में दिखाया जाएगा। सिद्धार्थ के अलावा शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, विवेक ओबेरॉय, श्वेता तिवारी, निकितिन धीर, ऋतुराज सिंह और ललित परिमू मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, 'इंडियन पुलिस फोर्स' का प्रीमियर 19 जनवरी 2024 को भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर विशेष रूप से होने वाला है। वहीं, 'सिंघम अगेन' की बात करें, तो इसमें अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर, करीना कपूर खान, टाइगर श्रॉफ और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी की भी एंट्री हो गई है, वे एक खुफिया अधिकारी की भूमिका निभाते नजर आएंगी।
यह भी पढ़ें: Suriya: सूर्या ने डीएमडीके मुख्यालय में विजयकांत को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो